

Mumbai Gorai Ship Incident: मुंबई के गोराई इलाके में मनोरी बीच के पास समंदर में फंसे एक विदेशी झंडे वाले जहाज से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जहाज में चोरी करने के इरादे से घुसे चार युवकों की जहरीली गैस रिसाव के कारण दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मर्चेंट नेवी के कर्मचारियों और हेलीकॉप्टर की मदद से शवों को जहाज के बंद हिस्से से बाहर निकाला है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, ये लोग गैस कटर की मदद से जहाज के भीतर गैस पाइपलाइन काटने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बंद हिस्से में जहरीली गैस का रिसाव होने से दम घुटने के कारण चारों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दो से तीन दिन पहले की है।
मिली जानकारी के अनुसार तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण मुंबई तट के गोराई इलाके में मनोरी बीच के पास यह जहाज करीब चार महीने पहले पास फंस गया था। तब से यह जहाज यही पर खड़ा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक गिरोह पिछले करीब एक महीने से इस जहाज को निशाना बना रहा था और इससे पहले भी दो बार चोरी कर चुका था।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, दो-तीन दिन पहले गिरोह के 8 सदस्य एक स्पीडबोट से जहाज तक पहुंचे थे। इनमें से एक व्यक्ति नाव के पास रुक गया, जबकि सात लोग जहाज पर चढ़ गए। सात में से चार लोग चोरी के लिए जहाज के अंदर गए और गैस कटर से पाइपलाइन काटने लगे। इसी दौरान जहाज के बंद हिस्से में जहरीली गैस का रिसाव हो गया। गैस की चपेट में आने के बाद चारों बेहोश हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाकी लोग वहां से निकल गए।
घटना का पता तब चला, जब गिरोह का एक सदस्य गोराई पुलिस थाने पहुंचा और उसने अपने चार साथियों के जहाज के अंदर फंसे होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मर्चेंट नेवी के कर्मचारियों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। बुधवार को खोजी दल ने हेलीकॉप्टर की सहायता से जहाज में प्रवेश किया और चारों के शव बाहर निकाले। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतकों की उम्र 30 वर्ष से कम है। उनकी पहचान और जहाज तक पहुंचने के पूरे तरीके की जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस यह भी पता लगा रही है कि जहाज में पहले हुई चोरी की घटनाओं में कौन-कौन लोग शामिल थे। जहाज के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।