

जुईनगर रेलवे स्टेशन के पास अवैध मिट्टी-मुरुम भराव के आरोप में FIR दर्ज।
मे. साई प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के डेवलपर शापोरजी पालोनजी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई।
प्रशासन के मुताबिक, 7,949 ब्रास मिट्टी-मुरुम का बिना अनुमति भराव किया गया।
8,30,23,152 रुपये का जुर्माना जमा नहीं करने पर सैंपल फ्लैट जब्त कर सील किया गया।
Juinagar Railway Station News: ठाणे, अवैध गौण खनिज उत्खनन और भराव के मामलों में ठाणे तहसीलदार कार्यालय ने कार्रवाई तेज कर दी है। नवी मुंबई के जुईनगर रेलवे स्टेशन परिसर में कथित तौर पर बिना सरकारी अनुमति मिट्टी और मुरुम का भराव करने तथा शासन द्वारा लगाया गया 8 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना जमा नहीं करने के मामले में 'मे. साई प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड' के डेवलपर शापोरजी पालोजी के खिलाफ सानपाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
निवासी नायब तहसीलदार व कार्यालय प्रमुख दिनेश पैठणकर के अनुसार, ठाणे जिले के मौजे सोनखार स्थित जुईनगर रेलवे स्टेशन के उत्तरी हिस्से में रेलवे पटरी के पास अवैध भराव का मामला सामने आया था।
आरोप है कि कंपनी ने जुईनगर के सेक्टर 10 स्थित प्लॉट नंबर 188 ए और सेक्टर 11 स्थित प्लॉट नंबर 9 एम के फोरकोर्ट क्षेत्र में बिना किसी सरकारी अनुमति के 7,949 ब्रास मिट्टी और मुरुम का भराव किया था। इस गतिविधि से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने और सरकारी खनिज संपत्ति के अनधिकृत उपयोग का आरोप है।
इस मामले में ठाणे तहसीलदार कार्यालय की ओर से वर्ष 2018 से 2023 के बीच कंपनी को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन कथित तौर पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद 18 जनवरी 2024 को तहसीलदार एवं कार्यकारी दंडाधिकारी, ठाणे ने 8,30,23,152 रुपये का जुर्माना 15 दिनों के भीतर सरकारी खजाने में जमा करने का आदेश दिया था।
राशि जमा नहीं होने पर 16 अप्रैल 2025 को संपत्ति जब्ती का नोटिस जारी किया गया। इसके बावजूद आदेश का पालन नहीं होने पर 27 फरवरी 2026 को परियोजना के प्लॉट नंबर 188 ए स्थित इमारत की पहली मंजिल पर बने सैंपल फ्लैट को जब्त कर सील कर दिया गया।
निवासी नायब तहसीलदार दिनेश पैठणकर ने बताया कि ठाणे तहसीलदार कार्यालय के माध्यम से अवैध गौण खनिज के इस्तेमाल और भराव के कई मामलों में कार्रवाई एवं दंड की प्रक्रिया शुरू की गई है।
उक्त बिल्डर के खिलाफ शिकायत ग्राम राजस्व अधिकारी प्रिया प्रताप पंडित ने दर्ज कराई। सानपाड़ा पुलिस ने अपराध रजिस्टर क्रमांक 0262/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 303(2), 318(4), 3(5), महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता की धाराओं 48(7), 48(8), खनिज अधिनियम 1957, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दीपक विजय सुर्वे के मार्गदर्शन जांच महिला पुलिस उपनिरीक्षक दिशा दिलीप पाटिल कर रही हैं।