

Eknath Shinde Congratulates Himanta Biswa Sarma: असम में हिमंता बिस्वा सरमा ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले NDA गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 126 में से 102 सीटें जीती। खास बात यह है कि असम में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बनी है। शपथ ग्रहण के बाद हिमंता बिस्वा सरमा को तमाम दलों के राजनेताओं द्वारा शुभकामनाएं दी जा रही है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी हिमंता को शुभकामनाएं दी है।
दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बनने पर हिमंता बिस्वा सरमा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बधाई दी है। शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए एकनाथ शिंदे सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे थे और आज कार्यक्रम में शामिल भी हुए।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि असमवासी खुश हैं। असम में ऐतिहासिक हैट्रिक लगाते हुए NDA ने 102 सीटों पर जीत हासिल की है। असम की जनता का मैं अभिनंदन करता हूं। हिमंता बिस्वा सरमा दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मैं उनका भी अभिनंदन करता हूं। असम की जनता ने पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत और डबल इंजन की सरकार पर भरोसा जताया है। एकनाथ शिंदे ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति जैसे पश्चिम बंगाल में काम आई, वैसे ही असम पर भी काम आई। बंगाल और असम की जीत बहुत ही मायने रखती है। बीते पांच सालों में असम में जो विकास हुआ है, जनता ने इसी मुद्दे पर मतदान किया है। मैं असम की जनता को धन्यवाद देता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में हिमंता बिस्वा सरमा को असम का और विकास करने का मौका मिला है।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि मां कामाख्या देवी का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि असम और महाराष्ट्र का एक पुराना नाता है। चार साल पहले इसी होटल में हम लोग रुके थे। हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी टीम का योगदान उस वक्त भी रहा। यहां से जानकर महाराष्ट्र की जनता के अनुरूप महायुति गठबंधन की सरकार बनी थी। विकास के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस बार भी मां कामाख्या देवी का आशीर्वाद हिमंता बिस्वा सरमा की सरकार को मिला है। असम के कानून व्यवस्था में और सुधार होगा। लोगों को रोजगार मिलेगा और यहां का विकास होगा।