गणेशोत्सव से पहले गड्ढामुक्त मुंबई की कवायद, CM फडणवीस के आदेश पर बीएमसी ने तेज किया अभियान
Mumbai News: मुंबई में बारिश से सड़कों पर गड्ढों की भरमार हो गई थी। मुख्यमंत्री फडणवीस के सख्त आदेश के बाद बीएमसी ने गणेशोत्सव से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की कवायद तेज कर दी है।
- Written By: सोनाली चावरे
सीएम फडणवीस (pic credit; social media)
Maharashtra News: मुंबई में भारी बारिश के बाद सड़कों पर गड्ढों का साम्राज्य फैल गया है। गड्ढों की वजह से यात्रियों को न केवल परेशानी झेलनी पड़ रही है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। लगातार बढ़ती शिकायतों और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी को कड़े निर्देश दिए हैं कि गणेशोत्सव की शुरुआत से पहले मुंबई की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद बीएमसी प्रशासन तुरंत हरकत में आया और शहरभर में गड्ढे भरने का काम तेज कर दिया गया। बीएमसी अधिकारियों का कहना है कि गणेशोत्सव के पहले दिन तक महानगर की सड़कों को बेहतर स्थिति में लाने का लक्ष्य तय किया गया है।
बारिश के चलते खासतौर पर डामर की परतें उखड़ गई हैं, जिससे अंधेरी, भांडुप, कुर्ला, घाटकोपर, मुलुंड, बांद्रा बस स्टेशन, दादर, परेल, मानखुर्द लिंक रोड, मालाड और चारकोप जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में गड्ढे बन गए हैं। वाकोला ब्रिज और कई प्रमुख मार्गों पर भी बड़े गड्ढे यातायात में बाधा पैदा कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र कैबिनेट का बड़ा फैसला: 13 लाख किसानों की ऋण सीमा खत्म, 68 लाख को मिलेगा प्रोत्साहन लाभ
नवभारत विशेष: महिला क्रिकेट का नया अध्याय, लॉर्ड्स में भारत की ऐतिहासिक टेस्ट जीत
ठाणे होर्डिंग हादसा: डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के निर्देश पर मनपा का एक्शन; रोनक एड का लाइसेंस रद्द, FIR दर्ज
महबूबा की फरमाइश पर नागपुर का धूम स्टाइल: चोरी की बाइक पर आशिकी का सफर, पुलिस ने 1 घंटे में किया द एंड!
गड्ढों की मरम्मत के लिए मैस्टिक डामर का इस्तेमाल
बीएमसी के अनुसार गड्ढों की मरम्मत के लिए मैस्टिक डामर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा अब तक 49.07 प्रतिशत सीसी रोड का काम पूरा हो चुका है और मानसून के बाद इन कार्यों में और तेजी लाई जाएगी। बीएमसी ने नागरिकों की शिकायतों के लिए ‘पोथोल क्विक फ़िक्स’ नामक मोबाइल ऐप भी विकसित किया है, जहां बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज हो रही हैं।
बीएमसी का दावा है कि गणेशोत्सव से पहले सभी मुख्य सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
