

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति पर हाई कोर्ट ने तत्काल राहत देने से किया इनकार।
30 नवंबर को बोर्ड बैठक होगी, लेकिन फैसले अदालत के अंतिम आदेश पर निर्भर रहेंगे।
टाटा ट्रस्ट ने चंद्रशेखरन की तीसरी बार नियुक्ति को दी है चुनौती।
टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर ट्रस्ट और कंपनी प्रबंधन के बीच विवाद गहराया।
Mumbai N Chandrasekaran Reappointment Case: टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को लेकर टाटा ट्रस्ट और कंपनी प्रबंधन के बीच विवाद गहरा गया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को इस मामले में टाटा ट्रस्ट को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया।
अदालत ने स्पष्ट किया कि टाटा संस के निदेशक मंडल की 30 नवंबर को प्रस्तावित बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार हो सकती है। हालांकि, बैठक में लिए जाने वाले फैसलों का भविष्य अदालत के अंतिम आदेश पर निर्भर करेगा।
न्यायमूर्ति अभय आहूजा की पीठ ने कहा कि फिलहाल कोई राहत नहीं दी जा रही है और 30 नवंबर की बैठक होने दी जाए। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आरडी टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने एन. चंद्रशेखरन की तीसरी बार नियुक्ति के फैसले को चुनौती देते हुए टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ याचिकाएं दाखिल की थीं।
दोनों ट्रस्ट ने बोर्ड बैठक स्थगित करने या उस पर रोक लगाने के साथ चंद्रशेखरन को कार्यकारी चेयरमैन के रूप में मतदान करने से रोकने की मांग की थी।
याचिकाओं में दावा किया गया है कि 17 सितंबर को चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के लिए पारित निदेशक मंडल का प्रस्ताव अमान्य था। ट्रस्ट का तर्क है कि कंपनी के अंतर्नियमों के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन मत प्रस्ताव को नहीं मिले थे।
यह विवाद टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने के मुद्दे पर टाटा ट्रस्ट और कंपनी प्रबंधन के बीच मतभेदों के बीच सामने आया है। टाटा संस में करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट कंपनी को गैर-सूचीबद्ध बनाए रखने के पक्ष में हैं।
टाटा संस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 12 दिसंबर तक कंपनी से अनिवार्य सूचीबद्धता संबंधी निर्देशों पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। इसलिए बोर्ड बैठक जरूरी है।
वहीं, ट्रस्ट की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि आरबीआई के निर्देश का इस्तेमाल बैठक कराने की जल्दबाजी दिखाने के लिए किया जा रहा है।