SRA सीधे आपके द्वार! धारावी पुनर्विकास प्रोजेक्ट में तेजी लाने के लिए डॉ. महेंद्र कल्याणकर की नई पहल

SRA Mumbai: SRA प्रशासन ने सीधे धारावीवासियों के द्वार पर शिविर आयोजित किए हैं। डॉ. महेंद्र कल्याणकर के नेतृत्व में झोपड़ीधारकों की पात्रता जांच और लंबित मामलों का मौके पर ही निपटारा किया जा रहा है।
SRA Right at Your Doorstep! Dr. Mahendra Kalyankar's New Initiative to Accelerate the Dharavi Redevelopment Project
सांकेतिक फोटो (सोर्स: डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Dharavi Redevelopment Project: एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी धारावी की पुनर्विकास परियोजना को गति मिल रही है। धारावी रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के तहत प्रत्येक पात्र झोपड़ीधारक को उसका हक मिले और प्रशासनिक प्रक्रिया की खामियों के कारण किसी के साथ अन्याय न हो, इसके लिए ‘एसआरए' प्रशासन सीधे धारावीकरों के द्वार पर जा रहा है।

लंबित मामलों का निपटारा

धारावी अधिसूचित क्षेत्र के ‘परिशिष्ट-2’ में अनिर्णीत (पेंडिंग) घोषित किए गए झोपड़ीधारकों के लंबित मामलों का सीधे मौके पर ही निपटारा किया जाएगा। इसके लिए झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महेंद्र कल्याणकर के मार्गदर्शन में पूरे धारावी क्षेत्र में सेक्टरवार प्रत्यक्ष स्थल पर शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन किया गया है।

डॉ महेंद्र कल्याणकर के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संबंधित नागरिकों की पात्रता की जांच कर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। इस अभियान की शुरुआत 14 और 15 मई को सेक्टर क्रमांक 1 के जोन 2 और 7 के नागरिकों के लिए माटुंगा पूर्व स्थित रेलवे कॉलोनी के पिंजरा हॉल में की गई। 18 मई को हुए शिविर में 537 झोपड़पट्टीधारकों ने भाग लिया। 19 मई को सेक्टर क्रमांक 3 के जोन 8, 9, 10, 14, 15 और 16 के नागरिकों के लिए धारावी पुलिस स्टेशन के पीछे स्थित इंदिरा नगर ट्रांजिट कैंप के शेड कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया है। इसी स्थान पर 19 और 20 मई को सेक्टर क्रमांक 2 के अंतर्गत आने वाले जोन 11, 12, 13, 20, 21, 22, 29 और 30 के नागरिकों के आवेदनों और दस्तावेजों पर काम किया जाएगा।

विशेष शिविरों का आयोजन

अगले चरण में, धारावी डिपो रोड पर आंबेडकर नगर स्थित म्हाडा इमारत क्रमांक 5 (पीएमजीपी कॉलोनी) में दो विशेष शिविर होंगे। इसमें 20 और 21 मई को सेक्टर 4 के जोन 17, 18, 19, 23, 24 और 28 के लिए, जबकि 21 और 22 मई को सेक्टर 5 के जोन 25, 26, 27, 31, 32, 33 और 34 के झोपड़ीधारकों के लिए कार्यवाही चलेगी। इस अभियान का अंतिम चरण 25 और 26 मई को माटुंगा पूर्व स्थित पिंजरा हॉल में पूरा होगा, जहाँ सेक्टर 1 के शेष जोन 1, 3, 4, 5 और 6 के नागरिकों की समस्याओं का निवारण किया जाएगा।

जिन झोपड़ीधारकों के नाम परिशिष्ट-2 में अनिर्णीत दिखाए गए हैं, वे अपने क्षेत्र के लिए निर्धारित तारीख और स्थान पर स्वयं उपस्थित रहने की अपील प्राधिकरण की तरफ से की गई है। नागरिकों को अपनी पात्रता की जांच के लिए आवश्यक सभी मूल दस्तावेज और उनकी छायाप्रतियां साथ लाना अनिवार्य है, ताकि उनकी समस्याओं का निवारण मौके पर ही तुरंत किया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com