'तस्वीरों से नहीं, सबूतों से होगा फैसला', अशोक खरात मामले में देवेंद्र फडणवीस का पलटवार-कोई नहीं बचेगा

Devendra Fadnavis: नासिक के अशोक खरात मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि केवल फोटो से अपराधी तय नहीं होते और SIT मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
SIT probe reveals billions in assets of Ashok Kharat
Devendra Fadnavis On Ashok Kharat Case (फोटो क्रेडिट-X)
Updated on

Devendra Fadnavis On Ashok Kharat Case: महाराष्ट्र की राजनीति इन दिनों नासिक के स्वयंभू ज्योतिषी अशोक खरात से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले को लेकर उबाल पर है। विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग के बीच, देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को अपनी चुप्पी तोड़ते हुए विरोधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ कर दिया कि सरकार इस मामले में किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेगी और दोषियों को उनके अंजाम तक पहुँचाकर ही दम लेगी।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के 'फोटो पॉलिटिक्स' पर सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी की भी किसी के साथ फोटो हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह व्यक्ति अपराध में भागीदार है। उन्होंने कहा, "कौन किससे मिला, सिर्फ फोटो से फैसला न हो।"

विपक्ष के चयनात्मक रवैये पर उठाए सवाल

देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष को घेरते हुए उनके 'चयनात्मक रवैये' पर तंज कसा। उन्होंने पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए पूछा कि वे लोग जो आज मंत्रियों पर उंगली उठा रहे हैं, वे उन लोगों पर चुप क्यों हैं जिन्होंने विशेष कैबिनेट बैठकें बुलाई थीं? मुख्यमंत्री ने कहा, "कुछ लोग सिर्फ राजनीति करना चाहते हैं। हम महिलाओं की गरिमा को लेकर चिंतित हैं और जब तक हर प्रभावित महिला को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।"

उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास विपक्ष के कई नेताओं के इस मामले से जुड़े होने के प्रमाण हैं, लेकिन वे पुलिस के पास हैं और कानून अपना काम करेगा।

SIT और DGP की निगरानी में कड़ी जांच

अशोक खरात मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया जा चुका है। नासिक पुलिस आयुक्त खुद इस जांच का नेतृत्व कर रहे हैं और राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पूरी प्रक्रिया की व्यक्तिगत रूप से देखरेख करने के निर्देश दिए गए हैं। फडणवीस ने कहा, "पीड़िताओं को आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है और कुछ महिलाएं सामने आने भी लगी हैं। प्रभाव का दुरुपयोग कर महिलाओं का शोषण करना सबसे घिनौने अपराधों में से एक है और इसमें किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।"

ममता बनर्जी को दिया करारा जवाब

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा हाल ही में दिए गए बयानों पर भी फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि कभी-कभी व्यक्ति अपना विवेक खो बैठता है, और ऐसे बयानों को अधिक महत्व नहीं देना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता जानती है कि देश की रक्षा के लिए कौन प्रतिबद्ध है और घुसपैठियों को संरक्षण कौन दे रहा है।

मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख से साफ है कि आने वाले दिनों में नासिक पुलिस और SIT की कार्रवाई और अधिक तेज होने वाली है, जिससे कई बड़े नामों पर गाज गिर सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com