

Navabharat's Progressive Maharashtra Conclave: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र देश की अर्थव्यवस्था का मैग्नेट है। क्योंकि निवेशकों का विश्वास लगतार कायम है। आज जहां देश में 35 प्रतिशत एमओयू निवेश में तब्दील होते हैं वहीं महाराष्ट्र में 75 से 80 प्रतिशत एमओयू निवेश में कन्वर्ट हो रहा है। सीएम फडणवीस ने कहा कि हम राज्य की 14 करोड़ जनता के प्रति प्रतिबद्ध हैं। मध्य-पूर्व के विकट हालात के कारण दुनिया के सामने जो महासंकट आया है, उससे निपटने के लिए हमारी सरकार पूरी तरह सक्षम, सजग और सतर्क है।
मंगलवार को फाइव स्टार होटल ताज प्रेसिडेंट में नवभारत-नवराष्ट्र की ओर से आयोजित प्रोग्रेसिव महाराष्ट्र कॉन्क्लेव में सीएम ने राज्य के तेजी से बढ़ते निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर एवं भविष्य के एजेंडे पर खुलकर बात की। नवभारत-नवराष्ट्र के एडिटर-इन-चीफ निमिष माहेश्वरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में नवभारत-नवराष्ट्र के डायरेक्टर वैभव माहेश्वरी भी प्रमुख रूप से उपस्थित थे। नवभारत-नवराष्ट्र के समूह संपादक संजय तिवारी एवं नवराष्ट्र के कार्यकारी संपादक संजय मलमे के साथ विशेष चर्चा में सीएम ने कहा कि पूरा महाराष्ट्र पीएम नरेंद्र मोदी विश्वास के साथ मजबूती से खड़ा है। हमें पूरा विश्वास है कि पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व में पूरा देश इस महासंकट से निपटकर नई ताकत बनकर उभरेगा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवभारत-नवराष्ट्र के मंच पर कहा कि हम राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए लगतार एमओयू हो रहे हैं। हमने आज ही चार न्यूक्लियर पावर एमओयू पर हस्ताक्षर किए किए है। इसके माध्यम से राज्य में 25000 हजार मेगावाट परमाणु बिजली का उत्पादन किया जाएगा और राज्य को बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। ये चार एमओयू एनटीपीसी, अदानी, बजाज और रिलायंस के साथ किए गए हैं। इससे महाराष्ट्र न्यूक्लियर पावर हब बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा यह भी बताया कि आम तौर से एमओयू के निवेश में कन्वर्ट होने का प्रतिशत कम रहा है लेकिन महाराष्ट्र में निवेश के लिए एमओयू कन्वर्ट करने की दर बाकी राज्यों की अपेक्षा काफी ज्यादा है। अन्य राज्यों का औसत 30 फीसदी है, लेकिन महाराष्ट्र में आज 75 से 80 फीसदी एमओयू निवेश में तब्दील हो रहे हैं। इससे नए उद्योग लग रहे हैं और बड़ी संख्या में रोजगार सृजित हो रहे हैं।
वैश्विक संकट पर सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से कदम उठाए हैं जिनको काबिले तारीफ है। इस महासंकट के कारण विकसित देशों की अर्थव्यवस्थाएं भी डगमगाने लगी है। वहां पेट्रोल डीजल की कीमतें 25 से 30 फीसदी बढ़ गई हैं। पड़ोसी देश पाकिस्तान में तो पेट्रोल 450 रुपए तक पहुंच चुका है, फिर भी नहीं मिल रहा है। इसके विपरीत भारत में पेट्रोल डीजल की कीमतों में तीन चार रुपए की मामूली वृद्धि की गई है। यह बहुत बड़ी बात है। प्रधानमंत्री ने जिस तरह से उपाय किए हैं उससे हमें पूरा विश्वास है कि हम इस महासंकट उबर कर निकल जाएंगे और हमारी अर्थव्यवस्था फिर से रफ्तार पकड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम राज्य में तेजी से इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कर रहे हैं। हमने पिछले एक दशक में बड़े पैमाने पर इंफ्रा विकास किया है, लेकिन इंफ्रा विकास की भूख खत्म नहीं होगी। हमें आगे और भी तेजी से इंफ्रा विकास कर राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचना है। आज महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था 660 बिलियन डॉलर की हो चुकी है। हमारा लक्ष्य 2030 तक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाना है। हमारी प्रतिस्पर्धा भारत देश के अन्य राज्यों को विश्व के देशों हैं। महाराष्ट्र आज दुनिया की 30 वीं बड़ी अर्थव्यवस्था है और हमें विश्वास है कि हम अगले दो साल में सिंगापुर और यूएई को पीछे छोड़ देंगें।
देश के दूसरे राज्यों से मिल रही प्रतिस्पर्धा पर उन्होंने कहा कि देश केवल चार पांच भी राज्यों के विकास से ही आगे नहीं जाएगा। पीएम मोदी के प्रयासों से आज 14 से 15 राज्य तेजी से विकास कर रहे हैं। इस तरह स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पूरे देश को विकसित राष्ट्र बनाएगी। विकास के मामले में उत्तर दक्षिण के राज्यों की जो अच्छाइयां हैं, उन्हें हम भी अपनाएगें।
मुख्यमंत्री ने महायुति से खासतौर से अजीत पवार के राकांपा में चल रहे अंदरूनी खींचतान पर कहा कि हम महायुति में बड़े भाई हैं और बड़े भाई होने के नाते दोनों छोटे भाइयों की तकलीफ दूर करना मेरा कर्तव्य है। मुझे उम्मीद है कि सुनेत्राताई पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस को एकजुट रखने में सफल होंगी और मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम कोंकण के रास्ते गोवा तक कोस्टल रोड तैयार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हमने वाटर ट्रांसपोर्ट पर फोकस किया है, क्योंकि वाटर ट्रांसपोर्ट सबसे सस्ता है। आज मुंबई एमएमआर में 27 जेट्टी का निर्माण हो रहा है। इस प्रोजेक्ट को तीन साल में मुंबई में पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद फिर इसका कोंकण और गोवा तक विस्तार किया जाएगा। राज्य में इंडस्ट्री के साथ लॉजिस्टिक और वाटरवे पर कार्य कर रहे हैं।ग्लोबल सप्लाई के लिए लॉजिस्टिक कॉस्ट कम करनी जरूरी है। पोर्टलैंड और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट हो रहा है। उन्होंने कहा कि शक्तिपीठ महामार्ग केवल हाइवे ही नहीं बल्कि राज्य के सभी जिलों को जोड़ने वाला महामार्ग होगा।
रैपिड फायर के तहत जब उनसे एक रोचक सवाल पूछा गया कि पीएम की रेस में योगी आदित्यनाथ, राहुल गांधी, विजय थलपती और रेवंत रेड्डी से मुकाबला करना हो तो आपका पीएम की रेस में किस राजनीतिक स्टार मुकाबला है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि सदी के सबसे बड़े मेगा स्टार नरेंद्र मोदी ही हैं और जब तक वे हैं, अन्य कोई रेस में नहीं है। उन्होंने एक अन्य सवाल पर जवाब दिया कि मेरे बारे में किसी भी विषय पर फिल्म बना लेकिन यह गाना जरूर हो उन पर फिल्म बनी चाहिए तो फिल्म का गाना वही होना चाहिए कि 'मैं, आंधी बनकर आया हूं, मेरा हौसला भी अय्याश है।'
इस मौके पर राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे, वस्त्रोद्योग मंत्री संजय सावकरे, महिला व बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे, महाराष्ट्र हाउसिंग सेल्फ ग्रुप रिडेवलपमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन प्रवीण दरेकर, तुनवाल ई मोटर्स लि. के सीएमडी झुमरमल तुनवाल, टोरल इंडिया के संस्थापक और सीईओ भरत गीते सहित राज्य के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी खास तौर पर उपस्थित थे।