महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस का नया रिकॉर्ड: शरद पवार को पछाड़ बने तीसरे सबसे लंबे समय तक रहने वाले CM

Maharashtra Politics: देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के इतिहास में तीसरे सबसे लंबे समय तक रहने वाले सीएम बन गए हैं। 12 जुलाई 2026 तक उनका कुल कार्यकाल 2,430 दिन का हो चुका है।
Devendra Fadnavis surpasses Sharad Pawar to become the 3rd longest-serving Maharashtra CM, recording 2,430 days in office as of July 12, 2026.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शरद पवार, विलासराव देशमुख, वसंतराव नाईक (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Maharashtra Devendra Fadnavis Record: महाराष्ट्र की राजनीति में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम एक और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नेताओं की सूची में फडणवीस ने पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार को पीछे छोड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। 12 जुलाई 2026 तक फडणवीस का कुल मुख्यमंत्री कार्यकाल 2,430 दिन (करीब 6 वर्ष 7 माह) का हो चुका है और उनका वर्तमान कार्यकाल अभी जारी है।

देवेंद्र फडणवीस अब तक तीन बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन चुके हैं। 12 जुलाई 2026 तक उनके मुख्यमंत्री पद का कुल कार्यकाल 2,430 दिनों का हो गया है। वहीं, शरद पवार पहली बार जुलाई 1978 में महज 37 वर्ष की आयु में मुख्यमंत्री बने थे।

उन्होंने चार बार इस पद की जिम्मेदारी संभाली, लेकिन उनका कुल कार्यकाल 2,412 दिन रहा। दिलचस्प बात यह है कि शरद पवार चार बार मुख्यमंत्री बनने के बावजूद एक भी बार पांच वर्ष का पूर्ण कार्यकाल पूरा नहीं कर सके, जबकि देवेंद्र फडणवीस ने 2014 से 2019 तक लगातार पांच वर्षों का कार्यकाल पूरा किया।

फडणवीस के कार्यकाल के दिलचस्प पड़ाव

  • सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेताओं की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंचने वाले देवेंद्र फडणवीस के नाम राज्य के इतिहास का सबसे छोटा मुख्यमंत्री कार्यकाल भी दर्ज है।
  • पहला कार्यकाल (2014-2019): लगातार पांच वर्ष का पूर्ण कार्यकाल।
  • दूसरा कार्यकाल (2019): महाराष्ट्र के इतिहास का सबसे छोटा मुख्यमंत्री कार्यकाल। सरकार महज 6 दिन (करीब 80 घंटे) ही चली।
  • तीसरा कार्यकाल (दिसंबर 2024 से जारी): 12 जुलाई 2026 तक इस कार्यकाल के 585 दिन पूरे हो चुके हैं।

कार्यकर्ता से CM तक का सफर

22 जुलाई 1970 को नागपुर में गंगाधर फडणवीस और सरिता फडणवीस के घर जन्मे देवेंद्र फडणवीस का राजनीतिक सफर एक सामान्य कार्यकर्ता से शुरू हुआ। उनकी बुआ शोभाताई फडणवीस पांच बार विधायक रहीं, जबकि उनके पिता भी विधायक थे।

परिवार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से उन्हें सामाजिक और राजनीतिक संस्कार मिले। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता और वार्ड स्तर पर एक बूथ कार्यकर्ता के रूप में राजनीति की शुरुआत की। 1992 में नागपुर विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री प्राप्त करने के बाद छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।

वर्ष 1992 से 2001 तक लगातार नगरसेवक रहे और इसी दौरान उन्हें नागपुर का महापौर बनने का अवसर भी मिला। अध्ययनशील, शांत और संगठनात्मक नेतृत्व के दम पर बूथ कार्यकर्ता से शुरुआत करने वाले देवेंद्र फडणवीस आज महाराष्ट्र के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेताओं की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

सबसे लंबे समय तक रहने वाले शीर्ष-4 मुख्यमंत्री

  • वसंतराव नाईक- 4,096 दिन (11 वर्ष 78 दिन)
  • विलासराव देशमुख- 2,686 दिन (करीब 7 वर्ष 129 दिन)
  • देवेंद्र फडणवीस- 2,430 दिन (करीब 6 वर्ष 7 माह)
  • शरद पवार- 2,412 दिन (करीब 6 वर्ष 221 दिन)
Navbharat Live
navbharatlive.com