

Stuti Sonawane Suicide Update: मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में 24 वर्षीय डेंटिस्ट स्तुति सोनावने की आत्महत्या ने शहर में सनसनी फैला दी है। बीवाईएल नायर अस्पताल से बीडीएस और डीवाई पाटिल कॉलेज से एमडीएस कर रही स्तुति ने अपने घर में पंखे से लटककर जान दे दी। पुलिस को मौके से 6 पन्नों का एक विस्तृत सुसाइड नोट मिला है, जिसमें एक तरफ मोहम्मद फैजुल खान के साथ प्रेम संबंधों में मिले धोखे और चरित्र पर संदेह का जिक्र है, तो दूसरी तरफ परिवार इस थ्योरी से अलग कार्यस्थल पर मानसिक उत्पीड़न की बात कर रहा है।
पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर वर्ली निवासी मोहम्मद फैजुल खान को गिरफ्तार कर लिया है। फैजुल पर आत्महत्या के लिए उकसाने (BNS की धारा 108) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फैजुल ने स्वीकार किया है कि वे रिश्ते में थे, लेकिन उम्र के अंतर और पारिवारिक असहमति के कारण उनके बीच विवाद बढ़ गए थे। वहीं, सुसाइड नोट में 'श्रद्धा वालकर' केस का जिक्र होने से इस मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है।
पुलिस द्वारा बरामद 6 पन्नों के पत्र में स्तुति ने अपने और फैजुल के रिश्तों के उतार-चढ़ाव को विस्तार से लिखा है। डेंटिस्ट आत्महत्या मामले में सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वह है जहां स्तुति ने अपने दोस्तों की चेतावनियों का जिक्र किया है। उसने लिखा कि उसके दोस्त अक्सर कहते थे, "हमें अच्छा नहीं लगेगा अगर तुम्हारी लाश फ्रिज में मिले।" स्तुति ने आगे लिखा कि वह फैजुल के प्यार में इतनी अंधी थी कि उसने उसकी ऑनलाइन डेटिंग और अन्य गतिविधियों को नजरअंदाज किया, लेकिन अंततः उसके दोस्तों की शंकाएं सही साबित हुईं और फैजुल उसके चरित्र पर भद्दे आरोप लगाने लगा।
स्तुति के माता-पिता पुलिस की 'लव जिहाद' या प्रेम प्रसंग वाली थ्योरी से पूरी तरह सहमत नहीं हैं। स्तुति की मां उषा सोनावने, जो पेशे से शिक्षिका हैं, का कहना है कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से काम के भारी दबाव और अपने सीनियर डॉ. बंगा के व्यवहार से परेशान थी। परिवार के अनुसार, स्तुति अपने सीनियर की 'लूज टॉक' और डांट-फटकार से मानसिक तनाव में थी। पिता बजरंग सोनावने ने स्पष्ट किया कि उन्हें फैजुल नाम के किसी लड़के के बारे में जानकारी नहीं थी और वे इस मामले को 'लव जिहाद' का रंग देने के खिलाफ हैं।
एक ओर जहां बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने इस घटना को 'लव जिहाद' करार देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं स्तुति के पिता ने राजनीतिक दलों से इस दुखद घटना पर अपनी 'राजनीतिक रोटी' न सेकने की अपील की है। एंटॉप हिल पुलिस अब दोहरे मोर्चे पर जांच कर रही है। एक तरफ फैजुल के मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ स्तुति के मेडिकल कॉलेज और प्रैक्टिस स्थल पर जाकर सहकर्मियों और सीनियर डॉक्टरों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि काम के दबाव वाले एंगल की भी पुष्टि हो सके।