मुंबई से ही उड़ान भरेंगे विदेशी विमान! नवी मुंबई शिफ्टिंग पर सीएम फडणवीस का ऐतराज, केंद्र को लिखा पत्र

Mumbai Airport Flights: मुंबई एयरपोर्ट से 14 विदेशी गंतव्यों की उड़ानें नवी मुंबई शिफ्ट करने पर सीएम फडणवीस ने जताई आपत्ति। टर्मिनल-1 के चरणबद्ध पुनर्विकास का दिया प्रस्ताव।
No international flights from Mumbai will be shifted to Navi Mumbai
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • फडणवीस का ऐलान- मुंबई की कोई अंतरराष्ट्रीय उड़ान नवी मुंबई शिफ्ट नहीं होगी।

  • टर्मिनल-1बी पहले बनेगा, फिर पुराने टर्मिनल-1ए का पुनर्विकास होगा।

  • 14 विदेशी रूट और करीब 265 उड़ानों को नवी मुंबई भेजने का प्रस्ताव विवादों में।

Mumbai Airport Terminal 1 Redevelopment Plan: मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 14 विदेशी गंतव्यों की उड़ानों को अगले साल गर्मियों से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की योजना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा ऐतराज जताया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्पष्ट कर दिया है कि मुंबई से कोई भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान बाहर स्थानांतरित नहीं की जाएगी।

यहीं से ही विदेशी विमान उड़ान भरेंगे। इस मुद्दे पर उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के लिए एक वैकल्पिक योजना का सुझाव दिया है, जिससे मौजूदा टर्मिनल को बंद किए बिना ही चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा किया जा सके।

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की इमारत पुरानी और जर्जर होने के कारण प्राधिकरण ने इसके पुनर्विकास की योजना बनाई है। इसके तहत विमानों के उड़ानों को नवी मुंबई भेजने का मुद्दा काफी विवादित बना हुआ है। पिछले महीने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एयरलाइंस को सूचित किया था कि टर्मिनल-1 के पहले चरण के ध्वस्तीकरण से प्रभावित होने वाले सालाना 50 लाख घरेलू यात्रियों को समायोजित किया जाएगा। इसके लिए मार्च 2027 के अंत से टर्मिनल-2 पर अंतरराष्ट्रीय संचालन एक तिहाई कम किया जाएगा।

इसके बाद पिछले हफ्ते अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने मंत्रालय को बताया कि वह अगले समर शेड्यूल से बहरीन, दम्मम, ढाका, दोहा, फुजैरा, जकार्ता, जेद्दा, काठमांडू, कुवैत सिटी, मदीना, मस्कट, रास अल खैमाह, रियाद और शारजाह की उड़ानें नवी मुंबई शिफ्ट करने की योजना बना रहा है। गौरतलब है कि मुंबई एयरपोर्ट में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की 26 प्रतिशत और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

पहले नया टर्मिनल 1बी बनाने, फिर 1ए को तोड़ने का प्रस्ताव

मुख्यमंत्री फडणवीस ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किजरापु राममोहन नायडू को लिखे पत्र में कहा है कि पूरे टर्मिनल-1 को एक साथ गिराकर नया बनाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से काम होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया है कि पहले टर्मिनल-1बी को विकसित किया जाए। उसके बाद टर्मिनल-1ए का संचालन वहां शिफ्ट हो और फिर पुराने 1ए को तोड़ा जाए।

265 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई भेजने का प्रस्ताव

मुंबई शहर की कुल अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में से 33 प्रतिशत यानी करीब 265 उड़ानों को नवी मुंबई भेजने का प्रस्ताव एयरलाइंस को दिया गया था। शुरुआत में भारतीय कंपनियों ने भी इसका विरोध किया। हालांकि, बाद में इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर ने अपनी सहमति दे दी। दूसरी ओर विदेशी विमान कंपनियों ने नवी मुंबई जाने से साफ इनकार कर दिया है।

2028 तक गिराना है टर्मिनल-1

मौजूदा योजना के तहत सालाना 1.5 करोड़ यात्री क्षमता वाले पूरे टर्मिनल-1 को मार्च 2028 तक गिराया जाना है। साथ ही नया टर्मिनल दिसंबर 2030 तक तैयार होगा। एयरलाइन सूत्रों का कहना है कि टर्मिनल-1 को पूरी तरह बंद करने से मुंबई एयरपोर्ट पर तीन साल से अधिक समय तक भारी क्षमता संकट पैदा हो जाएगा।

इसके अलावा, टर्मिनल-1ए 1 बी और 1सी का ढांचा आपस में बंटा है। साथ ही टर्मिनल 1 व टर्मिनल-2 के बीच विमान पार्किंग और यात्रियों की आवाजाही की जटिलताएं हैं। इस कारण भी संचालन प्रभावित हो रहा है, जिसके समाधान के लिए 3।042 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

No international flights from Mumbai will be shifted to Navi Mumbai
उद्धव ठाकरे के साथ काम करना रहा समृद्ध अनुभव, फडणवीस की टिप्पणी से महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा तेज

पुराने स्लॉट बहाली की मांग

बताया गया है कि अदाणी समूह के 14 अंतरराष्ट्रीय रूट नवी मुंबई शिफ्ट करने के प्रस्ताव पर खाड़ी देशों की विमान कंपनियों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। साथ ही मुंबई की एयरलाइन ऑपरेटर्स कमेटी ने पुराने स्लॉट बहाल करने के लिए मंत्रालय से दखल देने की मांग की है।

वहीं, एमआईएएल ने 30 अक्टूबर को मंत्रालय को पत्र लिखकर मार्च 2027 के समर शेड्यूल से प्रस्तावित इस बदलाव का बचाव किया है। कंपनी का तर्क है कि एक ही एयरपोर्ट पर 14 गंतव्यों की उड़ानें होने से टर्मिनल-1बी के पुनर्विकास के दौरान यात्रियों की परेशानी घटेगी और आगे की कनेक्टिंग उड़ानें आसान होंगी।

No international flights from Mumbai will be shifted to Navi Mumbai
महाराष्ट्र में 11 महीनों में 612 करप्शन ट्रैप, ACB का एक्शन, 875 आरोपी 3.32 करोड़ की रिश्वत का पर्दाफाश

91 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय यातायात रहेगा अप्रभावित

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के दौरान 91 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय यात्री यातायात अप्रभावित रहेगा। समर 2027 शेड्यूल में 50 में से 39 विदेशी एयरलाइंस यहीं से उड़ान भरेगी, जबकि रोजाना 16 उड़ाने चलाने वाली 11 कंपनियां मार्च 2027 से नवी मुंबई एयरपोर्ट जा सकती हैं।

एमिरेट्स, एतिहाद, सिंगापुर, ब्रिटिश एयरवेज, लुफ्थांसा, एयर फ्रांस और टर्किश एयरलाइंस जैसी प्रमुख कंपनियां टर्मिनल-2 से सेवाएं जारी रखेंगी। सुरक्षा ऑडिट में 1964 में बने जर्जर टर्मिनल-1 को आधुनिक बनाने की सिफारिश के बाद यह कदम उठाया गया है। मार्च 2029 तक तैयार होने वाले नए टर्मिनल की क्षमता 33% बढ़कर दो करोड़ यात्री सालाना हो जाएगी।