महाराष्ट्र-जर्मनी सहयोग को मिलेगी नई दिशा, उद्योग और तकनीक में साझेदारी बढ़ाने पर फडणवीस का जोर

Maharashtra Germany Investment: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जर्मनी के लोअर सैक्सोनी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर ऑटोमोबाइल, हरित ऊर्जा और अनुसंधान एवं विकास में निवेश व सहयोग बढ़ाने की अपील की।
Discussions held on enhancing industrial-technical cooperation between Maharashtra and Lower Saxony
देवेंद्र फडणवीस लोअर सैक्सोनी बैठकसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • जर्मन कंपनियों से महाराष्ट्र में उत्पादन और आरएंडडी केंद्र खोलने की अपील।

  • महाराष्ट्र और लोअर सैक्सोनी के बीच औद्योगिक-तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा।

  • ग्रीन हाइड्रोजन, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर और ईवी क्षेत्र में साझेदारी की संभावना।

  • फॉक्सवैगन ने महाराष्ट्र में अब तक करीब 1.1 अरब यूरो का निवेश किया।

Devendra Fadnavis Lower Saxony Meeting: महाराष्ट्र की आर्थिक क्षमता, कुशल मानव संसाधन, तेजी से बढ़ते बाजार और मजबूत औद्योगिक ढांचे को देखते हुए जर्मनी के उद्योगों के लिए राज्य में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।

जर्मन कंपनियां महाराष्ट्र में उत्पादन इकाइयां स्थापित करने के साथ-साथ अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) केंद्र भी बनाएं और यहां से दुनिया भर के बाजारों को सेवाएं दें। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह अपील की।

लोअर सैक्सोनी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात

मुख्यमंत्री फडणवीस ने शुक्रवार को वर्षा निवास पर जर्मनी के लोअर सैक्सोनी राज्य के मंत्री-अध्यक्ष ओलाफ लाईस के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक, आर्थिक, तकनीकी और शैक्षणिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

एक ट्रिलियन डॉलर की संयुक्त अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र और लोअर सैक्सोनी के बीच सहयोग को व्यावहारिक रूप देने के लिए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और शिक्षण संस्थानों को शामिल कर एक संयुक्त कार्यसमूह बनाया जाना चाहिए। दोनों राज्यों की संयुक्त अर्थव्यवस्था करीब एक ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की है। देश की जीडीपी में महाराष्ट्र की हिस्सेदारी लगभग 15 प्रतिशत है, जबकि देश में आने वाले प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का करीब एक तिहाई हिस्सा महाराष्ट्र को मिलता है।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र ने वर्ष 2030 तक एक ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है। मुंबई की वित्तीय और तकनीकी क्षमता, पुणे का ऑटोमोबाइल एवं इंजीनियरिंग उद्योग, नागपुर की परिवहन और औद्योगिक सुविधाएं तथा नाशिक और छत्रपति संभाजीनगर के औद्योगिक समूह राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह और प्रस्तावित वाढवण बंदरगाह से वैश्विक व्यापार और निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा।

ऑटोमोबाइल और भविष्य की तकनीक पर जोर

फडणवीस ने कहा कि ऑटोमोबाइल और भविष्य की वाहन तकनीक के क्षेत्र में फॉक्सवैगन महाराष्ट्र और लोअर सैक्सोनी के बीच महत्वपूर्ण औद्योगिक साझेदार है। चाकण स्थित कंपनी की उत्पादन सुविधाओं के आधुनिकीकरण और इलेक्ट्रिक व हाइब्रिड वाहनों से जुड़े नए निवेश कार्यक्रम को राज्य सरकार ने मंजूरी दी है। महाराष्ट्र को वाहन निर्माण, इंजीनियरिंग, उत्पाद विकास, परीक्षण और निर्यात का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

इसके अलावा रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, बैटरी तकनीक, एयरोस्पेस, औद्योगिक ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्रों में भी जर्मनी के साथ सहयोग की संभावनाएं हैं।

ग्रीन एनर्जी और शिक्षा में साझेदारी

मुख्यमंत्री ने हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी संयुक्त परियोजनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोअर सैक्सोनी को पवन ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी तकनीक और कम कार्बन उत्सर्जन वाले इस्पात उत्पादन में विशेषज्ञता हासिल है। महाराष्ट्र ने 2047 तक अपने ऊर्जा मिश्रण में हरित ऊर्जा की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन स्टील, ऊर्जा भंडारण और हरित अमोनिया के क्षेत्र में दोनों राज्य मिलकर काम कर सकते हैं।

शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में भी साझेदारी का प्रस्ताव रखा गया। फडणवीस ने कहा कि नवी मुंबई में विकसित होने वाली एज्युसिटी में लोअर सैक्सोनी के विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और उद्योगों को भागीदारी करनी चाहिए। इसके तहत संयुक्त शोध, दोहरी डिग्री पाठ्यक्रम, छात्र आदान-प्रदान और जर्मन भाषा प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम शुरू किए जा सकते हैं।

Discussions held on enhancing industrial-technical cooperation between Maharashtra and Lower Saxony
पुणे शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर हमले के बाद जागा प्रशासन, 3 महीने से लंबित सुरक्षा ऑडिट पूरा, 6 आरोपी रिमांड पर

लोअर सैक्सोनी के मंत्री-अध्यक्ष ओलाफ लाईस ने कहा कि महाराष्ट्र के साथ आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना उनके दौरे का प्रमुख उद्देश्य है। ऑटोमोबाइल, रक्षा एवं सुरक्षा तकनीक, डिजिटलाइजेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, निर्माण और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में दोनों राज्यों के बीच सहयोग की काफी संभावनाएं हैं।

फॉक्सवैगन का 1.1 अरब यूरो निवेश

उन्होंने बताया कि फॉक्सवैगन ने वर्ष 2001 से अब तक महाराष्ट्र में करीब 1.1 अरब यूरो का निवेश किया है। कंपनी के राज्य में दो उत्पादन संयंत्र हैं, जिनकी संयुक्त वार्षिक क्षमता 3.15 लाख वाहन है। इन संयंत्रों में चार हजार से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। कंपनी अपने अनुसंधान एवं विकास विभाग में इंजीनियरों की संख्या 450 से बढ़ाकर 700 से अधिक करने की योजना बना रही है।

Discussions held on enhancing industrial-technical cooperation between Maharashtra and Lower Saxony
माहिम में ज्वेलर के शोरूम पर 10 करोड़ की रंगदारी के लिए हुई थी फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर पुलिस को शक

लाईस ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र के रक्षा उद्योग प्रतिनिधियों को लोअर सैक्सोनी में आयोजित होने वाले रक्षा प्रदर्शनी कार्यक्रम तथा राज्य के कारोबारी प्रतिनिधिमंडल को हनोवर के अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक व्यापार मेले में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

इस अवसर पर उद्योग विभाग के प्रधान सचिव पी. अनबळगण, मुख्य राजशिष्टाचार अधिकारी राजेश गवांदे, एमआईडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपेंद्र सिंह कुशवाह, मुख्यमंत्री के निवेश सलाहकार कौस्तुभ धवसे, जर्मनी के भारत स्थित महावाणिज्य दूत क्रिस्टोफ हॅलियर सहित दोनों पक्षों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।