

CJP Protesters Unique Placards With Slogans And Memes: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे। शिवाजी पार्क में शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाते हुए व्यंग्यात्मक मीम और फिल्मों के संवाद वाली तख्तियां लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शनकारी पहुंचे। शिवाजी पार्क में मुंबई पुलिस द्वारा बड़ी संख्या में लगाए गए बैरिकेड और तेज गर्मी भी प्रदर्शनकारियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी।
कॉकरोच जनता पार्टी विरोध प्रदर्शन की सबसे बड़ी खासियत इसका अनूठा अंदाज था। पारंपरिक नारों के बजाय युवाओं ने सोशल मीडिया मीम्स, मराठी व्यंग्य और चर्चित फिल्मों के संवादों का इस्तेमाल किया। स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और अन्य युवा संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और तीखे नारों वाले पोस्टर लिए खड़े थे।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला पोस्टर था "ज्ञानू, तुझा डेमोक्रेसी वर भरोसा नाय का?" (ज्ञानू, क्या तुम्हारा लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है?)। इसके अलावा "ज्ञानेश ब्रो, जस्ट रिजाइन" और "गद्दार ज्ञानू मस्ट गो" जैसी तख्तियां भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त से तुरंत इस्तीफे की मांग कर रही थीं।
प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को उठाने करने के लिए अनोखे तरीके भी अपनाए। सायन के छात्र मनीष मंडल ने मेलोडी चॉकलेट के रैपर से बने आभूषण पहन रखे थे और 'फ्रॉड डिटर्जेंट पाउडर' लिखा बैनर थाम रखा था। पुणे से आए एआईएसएफ से जुड़े समूहों ने पार्क की बाहरी सीमा के पास वाद्य यंत्र बजाते हुए 'चले जाओ', 'वापस दो' और 'बंद करो' के नारे लगाकर प्रदर्शन में जोश भर दिया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस मंच पर वैचारिक झलक भी साफ दिखाई दी। शिवाजी पार्क के पास प्रदर्शन स्थल के मुख्य मंच को महात्मा गांधी के अहिंसा और सादगी से जुड़े विचारों से सजाया गया था। इसके साथ ही डॉक्टर बाबासाहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने वाले संदेश और भारतीय संविधान के मूल्यों की रक्षा करने की अपील वाले पोस्टर्स भी प्रमुखता से प्रदर्शित किए गए थे।