

Chitra Wagh on Delhi Blast: महाराष्ट्र बीजेपी विधायक चित्रा वाघ ने 10 नवंबर को हुए दिल्ली कार विस्फोट पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश को अब साफ चेतावनी मिल चुकी है कि 'बटेंगे तो कटेंगे नहीं, बल्कि फटेंगे'। उन्होंने भारतीयों को 'एक है तो सेफ है' का ध्यान रखने और एकता बनाए रखने की अपील की है।
बीजेपी की विधायक चित्रा वाघ का यह बयान दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद आया है। विस्फोट के बाद जांच में सबसे पहले डीएनए सैंपल के जरिए डॉक्टर उमर उल नबी की पहचान हुई थी। इसके बाद, फरीदाबाद में छापेमारी कर पुलिस ने डॉक्टर मुज्जमिल और डॉक्टर आदिल को हिरासत में लिया।
चित्रा वाघ ने कहा कि पूछताछ के दौरान एक शिक्षित 'व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल' सामने आया। इस मॉड्यूल का मकसद देश में कई जगह पर सीरियल अटैक करना था।
वाघ ने खबरों का हवाला देते हुए कहा कि इन आतंकियों को विदेश के हैंडलर से निर्देश मिल रहे थे। सारी आतंकी वारदातों में शामिल लोग औरंगजेब की औलादें थीं
चित्रा वाघ ने अपनी टिप्पणी में राजनीतिक और सामाजिक दोनों तरह की चेतावनी दी। उन्होंने जोर देकर कहा, "पर क्या आपको एक बात इसमें दिख रही है? सारी आतंकी वारदातों में शामिल लोग भारतीय नागरिकता रखने वाले औरंगजेब की औलादें थीं"। इसी कारण उन्होंने कहा कि हम भारतीयों को एक होना होगा।
बीजेपी विधायक ने सत्ता और वोटों की राजनीति करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने भारतीयों को ऐसे लोगों से सावधान रहने के लिए कहा जो सत्ता के लिए उलामा बोर्ड की समाज विघातक मांगें मानकर दस्तखत करते हैं। नए वक्फ बोर्ड का विरोध करते हैं। एक तरफ वोट चोरी का नाटक करते हैं और दूसरी तरफ SIR का विरोध करते हैं।
चित्रा वाघ ने कहा कि जिन्हें मस्जिदों के लाउडस्पीकर चलते हैं लेकिन हनुमान चालीसा नहीं चाहिए। जो खुद को लिबरल का मीठा लेबल लगाते हैं। भाषा और प्रांतवाद करके हिंदुओं में फूट डालते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए। वोटों के लिए एक खास समाज को गले लगाते हैं, जहां भाषा-प्रांत की कोई शर्त नहीं होती।
उन्होंने चेतावनी दोहराते हुए कहा कि ऐसे लोगों से सावधान रहिए क्योंकि अब बटेंगे तो कटेंगे नहीं, बटेंगे तो फटेंगे होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब देश को साफ चेतावनी मिल चुकी है कि बटेंगे तो फटेंगे।