मुंबई सेंट्रल रेलवे पर रविवार को तकनीकी खराबी और मेगा ब्लॉक से लोकल सेवाएं बेपटरी, यात्री हुए परेशान

Mumbai Local train: मुंबई में सायन-माटुंगा के बीच ओएचई खराबी और घोषित मेगा ब्लॉक के कारण रविवार को सेंट्रल व हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें 25 मिनट तक देरी से चलीं, जिससे यात्री परेशान रहे।
An OHE technical snag between Sion-Matunga and a scheduled mega block disrupted Mumbai's Central and Harbour line local trains on Sunday, causing 25-minute delays
मुंबई लोकल ट्रेन (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Local Train Update: रविवार सुबह सेंट्रल रेलवे के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा, जब सायन और माटुंगा स्टेशनों के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट में आई तकनीकी खराबी के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गईं। इस खराबी के चलते सीएसएमटी की ओर जाने वाली कई ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चलीं, जबकि दादर, परेल, माटुंगा और प्रभादेवी समेत कई स्टेशनों पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ओएचई के अधिक गर्म होने से तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई। पहली प्रभावित ट्रेन को परेल स्टेशन पर रोका गया, जबकि दूसरी ट्रेन सायन स्टेशन पर खड़ी रही। घटना के बाद रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया और कुछ समय बाद सेवाओं को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।

निर्धारित समय पर नहीं चलीं अनेक लोकल ट्रेनें

इस बीच सेंट्रल रेलवे ने पहले से निर्धारित मेगा ब्लॉक भी संचालित किया, मेन लाइन पर सीएसएमटी और विद्याविहार के बीच अप और डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 10.55 बजे से दोपहर 3.55 बजे तक ब्लॉक लिया गया। इस दौरान स्लो लाइन की ट्रेनों को फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया गया और कुछ स्टेशनों पर उनका ठहराव भी रद्द रहा।

हार्बर लाइन पर कुर्ला और वाशी के बीच सुबह 11.10 बजे से शाम 4.10 बजे तक मेगा ब्लॉक के चलते कई सेवाएं रद्द रहीं। वाशी, बेलापुर और पनवेल की ओर जाने वाली तथा वहां से सीएसएमटी आने वाली अनेक लोकल ट्रेनें निर्धारित समय के दौरान नहीं चलीं।

सोशल मीडिया पर यात्रियों ने जताई नाराजगी

  • सुबह के व्यस्त समय में हुई इस बाधा के कारण यात्रियों की नाराजगी सोशल मीडिया पर भी देखने को मिली।
  • कई यात्रियों ने एम-इंडिकेटर और अन्य प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के अचानक रुकने और देरी से चलने की शिकायत की।
  • कुछ यात्रियों ने लंबी दूरी की ट्रेनों के छूटने की आशंका भी जताई।
  • दादर और माटुंगा के बीच फंसे यात्रियों ने बताया कि कुछ ट्रेने 20 से 25 मिनट तक एक ही स्थान पर खड़ी रहीं।
  • वहीं कई मुंबई यात्रियों ने यह भी दावा किया कि कुछ लोकल सेवाएं रद्द होने से भीड़ और बढ़ गई। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से आवागमन प्रभावित रहा।
  • हालांकि, रेलवे प्रशासन ने दावा किया कि तकनीकी खराबी को जल्द दूर कर सेवाओं को सामान्य करने का काम तेजी से किया गया।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com