रेल यात्रियों को बड़ी राहत, सेंट्रल रेलवे ने पोर्टर, पार्किंग और वेटिंग हॉल के शुल्क किए सार्वजनिक
Central Railway Fixes Parking Porter Charges: सेंट्रल रेलवे ने कुली सेवा, पार्किंग और पेयजल की दरें सार्वजनिक कर यात्रियों से अधिक वसूली रोकने की पहल की है। रेल यात्रियों को राहत मिलेगी।
- Written By: अपूर्वा नायक
सेंट्रल रेलवे ऑफिशियल चार्ज (सौ. सोशल मीडिया )
Central Railway Fixes Parking Porter Charges News: रेल यात्रियों को राहत देते हुए सेंट्रल रेलवे ने स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न सेवाओं के आधिकारिक शुल्क फिक्स कर उन्हें सार्वजनिक कर दिए हैं। इसके तहत पोर्टर सेवा, पार्किंग और एसी वेटिंग हॉल के रेट तय किए गए हैं, ताकि यात्रियों से अधिक शुल्क वसूले जाने पर रोक लगाई जा सके।
साथ ही रेल नीर की आपूर्ति में अस्थायी कमी के बीच रेलवे ने 15 वैकल्पिक पैकेज्ड पेयजल ब्रांडों को मंजूरी दी है। रेलवे ने यात्रियों से निर्धारित दरों के अनुसार ही भुगतान करने, रसीद लेने और किसी भी प्रकार की अधिक वसूली की शिकायत हेल्पलाइन 139 या रेलमदद पोर्टल पर दर्ज कराने की अपील की है।
तय शुल्क से अधिक भुगतान न करें
मुंबई मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से जारी संदेशों में यात्रियों को जागरूक करते हुए कहा है कि स्टेशन परिसर में उपलब्ध सेवाओं के लिए तय शुल्क से अधिक भुगतान न करें।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में ई-कचरा अभियान को शानदार प्रतिसाद, नागरिकों ने बढ़ाया हाथ; रीसाइक्लिंग को मिला बढ़ावा
नागपुर: गोरेवाड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी संग्रहालय में सफारी के दौरान खूनी संघर्ष, एक तेंदुआ ढेर, दूसरा जख्मी
बारिश की बेरुखी से चंद्रपुर में थमी धान की बुआई, किसानों की बढ़ी चिंता
मुंबई कोस्टल रोड नॉर्थ परियोजना का निरीक्षण, ट्रैफिक जाम से राहत के लिए बन रहा 9 रैम्प वाला मेगा इंटरचेंज
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी यात्री से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जाती है, तो वह रसीद की फोटो के साथ 139 हेल्पलाइन या रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकता है। रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक दर कार्ड के अनुसार स्टेशन परिसर में साइकिल पार्किंग का शुल्क दो घंटे तक के लिए 5 रुपए निर्धारित किया गया है।
इसी अवधि के लिए दोपहिया वाहनों की पार्किंग का शुल्क 10 रुपए, कार और टैक्सी के लिए 20 रुपए तय किया गया है। मासिक पार्किंग पास की दरें भी निर्धारित की गई हैं। इसके तहत साइकिल के लिए 300 रुपए, दोपहिया वाहन के लिए 450 रुपए और कारों के लिए 750 रुपए मासिक शुल्क रखा गया है।
कुली सेवा के लिए निर्धारित दरें
सेंट्रल रेलवे ने कुली सेवा के आधिकारिक शुल्क भी सार्वजनिक किए हैं। जानकारी के अनुसार सिर पर 40 किलोग्राम तक सामान ढोने के लिए कुली का शुल्क 100 रुपए प्रति ट्रिप निर्धारित किया गया है। वहीं दोपहिया या चारपहिया ट्रॉली पर 160 किलोग्राम तक सामान ले जाने के लिए 150 रुपए प्रति ट्रिप शुल्क तय किया गया है। इसके अलावा दो कुलियों द्वारा व्हीलवेयर अथवा स्ट्रेचर ले जाने पर 150 रुपए और 4 कुलियों द्वारा यह सेवा प्रदान किए जाने पर 200 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
ये भी पढ़ें :- मुंबई कोस्टल रोड नॉर्थ परियोजना का निरीक्षण, ट्रैफिक जाम से राहत के लिए बन रहा 9 रैम्प वाला मेगा इंटरचेंज
रेलवे ने की यात्रियों से अपील
रेलवे द्वारा अनुमोदित सभी वैकल्पिक पैकेज्ड पेयजल ब्रांड 14 रुपए प्रति लीटर की निर्धारित कीमत पर उपलब्ध होंगे, इनमें ऑक्सीमोर एक्वा, रोकोको, वैनिस ब्लू, ऑक्सी ग्रेड, बियोटिन, सनरिच एक्वा, एल्विश, इओनिटा, इन्वोलाइफ, स्प्लैशर, ऑक्सीराइज, कन्हैया, केल्विनो, विघ्नहर्ता आरोग्यम और ऑक्सी ब्लू शामिल है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिकृत विक्रेताओं से ही पानी खरीदें, निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान न करें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत रेलवे प्रशासन को दें।
