त्योहारी सीजन में मध्य रेल का एक्शन, 15 दिनों में 2.27 लाख बेटिकट यात्री पकड़े गए, जुर्माने से भरे ₹24 करोड़

Chhath Puja Special Trains: दीवाली और छठ पूजा पर मध्य रेल ने 250 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाईं, जिनसे 56 लाख यात्रियों ने सफर किया। वहीं 2.27 लाख बेटिकट यात्रियों से ₹24.74 करोड़ जुर्माना वसूला गया।
central railway diwali chhath special trains fine
टिकट चेक करते हुए टीटी (सोर्स- AI)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • दीवाली और छठ पूजा के दौरान मध्य रेल ने 250 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाईं।

  • 1 से 15 नवंबर के बीच कुल 2.27 लाख बेटिकट यात्री पकड़े गए।

  • जुर्माना वसूली में मुंबई मंडल 11.04 करोड़ रुपये के साथ सबसे आगे रहा।

Central Railway Ticket Checking Drive: दीवाली और छठ पूजा के त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए मध्य रेल ने 250 से अधिक विशेष ट्रेन सेवाओं का संचालन किया। इन स्पेशल ट्रेनों के जरिए 56 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया।

वहीं, त्योहारों के दौरान बिना टिकट और अनधिकृत यात्रा करने वालों के खिलाफ मध्य रेल के टिकट जांच टीमों ने शिकंजा कसते हुए 1 से 15 नवंबर के बीच 2.27 लाख बेटिकट यात्रियों को पकड़ा। उनसे जुर्माने के रूप में कुल 24.74 करोड़ रुपये वसूल किए गए।

विशेष अभियान चलाए

मध्य रेल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और रेलवे की आय को सुरक्षित रखने के लिए पूरे नेटवर्क में नियमित टिकट जांच के साथ कई विशेष अभियान चलाए गए। विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में की गई जांच के दौरान बिना उचित टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर रेलवे नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई।

मुंबई मंडल सबसे आगे, भुसावल दूसरे स्थान पर

टिकट जांच और जुर्माना वसूली में मुंबई मंडल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। मुंबई मंडल ने मुख्यालय की टिकट जांच टीमों के सहयोग से 1.06 लाख मामलों में कार्रवाई करते हुए 11.04 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला। यह मध्य रेल की कुल जुर्माना वसूली का लगभग 45 प्रतिशत है। वहीं, भुसावल मंडल ने 64,332 मामलों में 7.98 करोड़ रुपये वसूल किए।

कुल वसूली में भुसावल मंडल की हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से अधिक रही। अन्य मंडलों में पुणे मंडल ने 23,189 मामलों से 2.67 करोड़ रुपये, नागपुर मंडल ने 24,253 मामलों से 2.25 करोड़ रुपये और सोलापुर मंडल ने 9,134 मामलों में 79.38 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।

central railway diwali chhath special trains fine
महाराष्ट्र के आदिवासी इलाकों में कितनी बदली तस्वीर? सरकारी योजनाओं के दावों और हकीकत का पूरा हिसाब

अधिक स्पेशल ट्रेनों से मिली राहत

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मध्य रेल ने नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त 250 से अधिक दिवाली और छठ पूजा विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित कीं। इन ट्रेनों से 56 लाख से अधिक यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिली। रेलवे सालभर होली, ग्रीष्मकालीन अवकाश, गणपति उत्सव, दशहरा, दिवाली, छठ पूजा और शीतकालीन अवकाश जैसे अवसरों पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनें चलाता है। इसके अलावा अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी संचालित की जाती हैं।

central railway diwali chhath special trains fine
Ola-Uber को टक्कर देने आ गई Bharat Taxi! महाराष्ट्र में कैसे काम करेगी नई टैक्सी सर्विस?

टिकट जांच के लिए बहुआयामी रणनीति

मध्य रेल अपने नेटवर्क में स्टेशन जांच, औचक जांच, फोर्ट्रेस चेकिंग, सघन जांच और मेगा टिकट जांच अभियान चलाता है। ये अभियान मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर और विशेष ट्रेनों के साथ मुंबई एवं पुणे मंडलों की उपनगरीय ट्रेनों में भी संचालित किए जाते हैं। मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा और जुर्माने से बचने के लिए हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।