

Central Railway Additional Coaches: यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने पनवेल-नांदेड, हडपसर-नांदेड और हडपसर-हरंगुल एक्सप्रेस ट्रेनों में स्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है।
मध्य रेल के अनुसार, ट्रेन संख्या 17613/17614 पनवेल-नांदेड-पनवेल एक्सप्रेस, 17629/17630 हडपसर-नांदेड-हडपसर एक्सप्रेस और 11429/11430 हडपसर-हरंगुल-हडपसर एक्सप्रेस में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर और शयनयान श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त एलएचबी कोच स्थायी रूप से जोड़ा जाएगा।
इसके बाद इन ट्रेनों की संशोधित संरचना में 2 एसी 2-टियर, 6 एसी 3-टियर, 6 शयनयान, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 द्वितीय श्रेणी सिटिंग एवं सामान-सह-गार्ड ब्रेक वैन तथा 1 जनरेटर वैन शामिल होंगे। इस तरह प्रत्येक ट्रेन में कुल 20 एलएचबी कोच होंगे।
संशोधित कोच संरचना के साथ ट्रेन संख्या 17614 नांदेड-पनवेल एक्सप्रेस का परिचालन 22 सितंबर से और ट्रेन संख्या 17613 पनवेल-नांदेड एक्सप्रेस का परिचालन 23 सितंबर से होगा। ट्रेन संख्या 17630 नांदेड-हडपसर एक्सप्रेस 24 सितंबर तथा 17629 हडपसर-नांदेड एक्सप्रेस 25 सितंबर से नई संरचना व हडपसर-हरंगुल-हडपसर एक्सप्रेस में भी 25 सितंबर से अतिरिक्त कोच लागू होंगे।
मध्य रेल ने ट्रेन संख्या 04104/04103 पनवेल-सूबेदारगंज-पनवेल साप्ताहिक विशेष के परिचालन को भी 10 अतिरिक्त सेवाओं तक बढ़ाया है। पनवेल से सूबेदारगंज जाने वाली 04104 के 5 अतिरिक्त फेरे 22 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 04103 के 5 अतिरिक्त फेरे 21 अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होंगे।
विस्तारित सेवाओं की बुकिंग 04104 के लिए 22 सितंबर 2026 से सभी पीआरएस केंद्रों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी। अनारक्षित कोच के टिकट यूटीएस के माध्यम से तथा रेलवन ऐप से भी टिकट बुक किए जा सकते हैं।