नाराज गर्लफ्रेंड को मनाने पैरों में गिरा युवक, मुंबई के बोरीवली से वायरल हुआ प्यार का हाई वोल्टेज ड्रामा

Borivali Railway Station Couple Drama: मुंबई के बोरीवली रेलवे स्टेशन पर नाराज प्रेमिका को मनाने के लिए एक युवक के पैरों में गिरने का वीडियो वायरल हुआ है। लोग इसे हाई वोल्टेज ड्रामा बता रहे हैं।
Borivali Station Couple Viral Video
बोरीवली स्टेशन पर प्रेमिका के पैरों में गिरे आशिक का वीडियो हुआ वायरल (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

Borivali Station Couple Viral Video: देश की सबसे व्यस्त लाइफ लाइन मानी जाने वाली मुंबई लोकल के बोरीवली रेलवे स्टेशन से एक बेहद हैरान करने वाला और 'प्यार' के हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अमूमन लोकल पकड़ने की आपाधापी और भारी भीड़ के लिए जाने जाने वाले इस स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब एक प्रेमी जोड़े के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद शुरू हो गया।

विवाद इस कदर बढ़ा कि गुस्से से लाल प्रेमिका को मनाने के लिए युवक सरेआम सैकड़ों यात्रियों के सामने प्लेटफॉर्म पर ही लड़की के पैरों में गिर पड़ा। इस अप्रत्याशित दृश्य को देखकर स्टेशन पर लोकल पकड़ने आए यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके चलते कुछ समय के लिए वहां आवाजाही तक बाधित हो गई।

रो-रोकर न छोड़ने की लगाई गुहार

प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के मुताबिक, यह प्रेमी जोड़ा बोरीवली स्टेशन के एक मुख्य प्लेटफॉर्म पर खड़ा होकर आपस में बात कर रहा था। इसी दौरान उनके बीच किसी पुरानी बात या रिश्ते को खत्म करने को लेकर तीखी बहस होने लगी। लड़की जब युवक को छोड़कर जाने लगी, तो युवक अचानक रोने लगा और सरेआम उसके पैरों को पकड़कर बैठ गया।

वह रो-रोकर लड़की से उसे न छोड़ने और रिश्ता न तोड़ने की लगातार गुहार लगाता रहा। लड़की बार-बार अपना पैर छुड़ाने की कोशिश करती रही, लेकिन युवक उसकी सैंडल पकड़े जमीन पर ही बैठा रहा। स्टेशन पर मौजूद कई यात्रियों ने इस पूरे ड्रामे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।

रेलवे पुलिस को करना पड़ा बीच-बचाव

प्लेटफॉर्म पर अचानक बढ़ती भीड़ और हंगामे की स्थिति को देखते हुए मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव करते हुए युवक को जमीन से उठाया और दोनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

पुलिस अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की अव्यवस्था फैलाने को लेकर दोनों को कड़ी हिदायत दी। पुलिस की दखल के बाद ही मामला शांत हो सका और दोनों को स्टेशन परिसर से बाहर भेजा गया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

सोशल मीडिया पर छिड़ी 'सच्चे प्यार' बनाम 'तमाशे' की बहस

इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर आग की तरह फैल गया है, जिसे अब तक लाखों व्यूज मिल चुके हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद नेटिजंस के बीच एक नई बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर एक वर्ग जहां इसे युवक का 'सच्चा प्यार' और उसकी बेबसी बता रहा है, वहीं दूसरा वर्ग इसे सरेआम किया गया 'सस्ता ड्रामा' और मानसिक प्रताड़ना करार दे रहा है।

कई यूजर्स का कहना है कि अपनी निजी जिंदगी के विवादों के लिए रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों को चुनना और दूसरों के लिए परेशानी खड़ी करना बेहद अनुचित है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com