Borivali के चीकूवाड़ी जंक्शन पर तेज रफ्तार टेम्पो की टक्कर, 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; नशे में चालक गिरफ्तार

Accident News: मुंबई के बोरीवली पश्चिम में दर्दनाक सड़क हादसे में 72 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक की मौत हो गई। तेज रफ्तार टेम्पो की टक्कर के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था।
Mumbai chikuwadi junction road accident
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Chikuwadi Junction Road Accident: मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित व्यस्त चीकूवाड़ी जंक्शन पर एक तेज रफ्तार टेम्पो की टक्कर से 72 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब इलाके में सामान्य यातायात चल रहा था और अचानक टेम्पो ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी।

गंभीर चोट के बाद अस्पताल में मौत

मृतक की पहचान नितिन बाबूलाल शाह के रूप में हुई है, जो महावीर नगर, बोरीवली पश्चिम के निवासी थे। उनके पुत्र पराग नितिन शाह ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो उनके पिता सड़क पर खून से लथपथ बेहोश पड़े थे और सिर में गंभीर चोट आई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रात करीब 10 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भागने की कोशिश में चालक गिरफ्तार

हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सतर्क नागरिकों ने उसे रोक लिया और बोरीवली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान कृपाशंकर मुरली शंकर यादव (35) के रूप में हुई है।

नशे में वाहन चलाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि आरोपी चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com