

Mumbai BMC Shops Plastic Raid: मुंबई शहर को प्लास्टिक के जाल से मुक्त करने के लिए बीएमसी की तरफ से चलाए जा रहे अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है।
जून 2018 से अगस्त 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत मनपा ने 29 लाख से अधिक स्थानों पर छापेमारी और जांच की। इस व्यापक कार्रवाई में 122 टन से अधिक प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया। वहीं, दोषियों के खिलाफ 18 हजार से अधिक मामले दर्ज कर 9 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया है।
बीएमसी के दुकान एवं प्रतिष्ठान विभाग, अनुज्ञापन विभाग और बाजार विभाग की संयुक्त टीमों ने मुंबई भर की दुकानों, फेरीवालों, बाजारों और विभिन्न व्यावसायिक केंद्रों पर कार्रवाई की।
कुल 29 लाख 28 हजार 732 स्थानों पर की गई जांच के दौरान 1 लाख 22 हजार 113 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया गया। वहीं, 18,768 मामलों में 9 करोड़ 40 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
विभाग ने की दुकान एवं प्रतिष्ठान पर सबसे अधिक कार्रवाई, 18 हजार से ज्यादा मामले दर्ज कार्रवाई पर नजर डालें तो दुकान एवं प्रतिष्ठान विभाग ने सबसे अधिक कार्रवाई करते हुए 9 लाख 53 हजार 734 स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान 1 लाख 1 हजार 278 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया गया तथा 15,248 मामलों में 7 करोड़ 64 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
वहीं, अनुज्ञापन विभाग ने 9 लाख 85 हजार 682 स्थानों पर जांच करते हुए 19,553 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया। विभाग ने 2,820 मामलों में 1 करोड़ 41 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। बाजार विभाग ने भी 9 लाख 89 हजार 316 दुकानों और गालों की जांच की। इस कार्रवाई में 1,281 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त कर 700 मामलों से 35 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया।
पिछले 16 महीनों यानी 1 अप्रैल 2025 से 31 जुलाई 2026 के दौरान मनपा के दुकान एवं प्रतिष्ठान विभाग ने मुंबई शहर के 24 वार्डों में विशेष अभियान चलाकर 1 लाख 15 हजार 830 दुकानों की जांच की। इस दौरान 7,505 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त किया गया और 1 करोड़ 30 लाख 95 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इनमें मुख्य रूप से के-पश्चिम, के-पूर्व, एल और एम-पूर्व वार्डों में कार्रवाई का प्रमाण अधिक रहा। मुंबई बीएमसी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सिंगल यूज प्लास्टिक समेत अन्य सभी प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण, बिक्री या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों से भी सहयोग करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने पर सीधे दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
अवधि: 23 जून 2018 से 31 जुलाई 2026
कुल छापे/जांच: 29 लाख 28 हजार 732
जब्त प्लास्टिकः 1 लाख 22 हजार 113 किलोग्राम
वसूल जुर्माना: 9 करोड़ 40 लाख 40 हजार रुपये