अस्पतालों की सुध लेने अचानक पहुंचे अधिकारी; मुंबई के चेंबूर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए कड़े आदेश

Chembur BMC Hospitals: बीएमसी की अतिरिक्त नगर आयुक्त प्रजक्ता वर्मा ने चेंबूर के दो अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सेवाओं और मरम्मत कार्यों में लापरवाही मिलने पर सख्त निर्देश दिए।
bmc officials surprise inspection at chembur hospitals strict orders issued
बीएमसी की अतिरिक्त नगर आयुक्त प्रजक्ता वर्मा (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BMC Officials Surprise Inspection: बीएमसी की अतिरिक्त नगर आयुक्त प्रजक्ता वर्मा लवंगारे ने चेंबूर स्थित माता रमाबाई अंबेडकर मैटरनिटी होम और दीवालीबेन मेहता जनरल हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अस्पताल प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को कई आवश्यक निर्देश भी दिए।

बीएमसी ने बताया, 7 जुलाई की शाम किए गए निरीक्षण में अतिरिक्त नगर आयुक्त ने सबसे पहले अस्पताल में लागू हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कंप्यूटर सिस्टम पर इसकी कार्यक्षमता की जांच की और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि डिजिटल प्रणाली का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाए, जिससे मरीजों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं मिल सकें।

खाली पड़े स्टाफ आवासों के बेहतर उपयोग की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में खाली पड़े स्टाफ आवासों और समीप स्थित खाली भूखंड का भी अवलोकन किया। इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभाग से अब तक हुए पत्राचार और प्रस्तावों का विस्तृत ब्यौरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि इन परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग पर निर्णय लिया जा सके।

माता रमाबाई अंबेडकर मैटरनिटी होम में अतिरिक्त नगर आयुक्त ने भर्ती मरीजों की संख्या, पिछले एक महीने में हुई प्रसूतियों तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से उपलब्ध सुविधाओं और सेवा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

दीवालीबेन मेहता जनरल हॉस्पिटल का दौरा

इसके बाद उन्होंने दीवालीबेन मेहता जनरल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों की संख्या और अस्पताल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा कर चल रहे मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में जारी सभी मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों को निर्धारित समय सीमा में शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि भर्ती मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और आवश्यक दवाएं समय पर प्रदान की जाएं, ताकि उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उपस्थित रहे बीएमसी स्वास्थ्य विभाग के ये अधिकारी

निरीक्षण के दौरान कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दक्षा शाह, संयुक्त कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष गायकवाड़, जनरल हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्रकांत पवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com