मुंबई: बीएमसी का बड़ा कदम, नए सत्र से शुरू होंगे 5 नए सीबीएसई स्कूल, 1 जुलाई से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू

Mumbai BMC CBSE Schools: मुंबई में बीएमसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 5 नए सीबीएसई स्कूल शुरू करने जा रही है। नर्सरी से पहली कक्षा के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 1 से 12 जुलाई 2026 तक चलेगी।
BMC will launch 5 new CBSE-affiliated schools in Mumbai for the 2026-27 session. Online admissions for Nursery to Class 1 will open from July 1 to 12, 2026.
सीबीएसई स्कूल (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai BMC CBSE Schools Admission: मुंबई शहर में गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बीएमसी ने एक और बड़ा कदम उठाया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीएमसी पांच नई सीबीएसई संबद्ध स्कूल शुरू करने जा रही है। इन स्कूलों में नर्सरी से पहली कक्षा तक प्रवेश प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू होगी। प्रवेश के लिए आवेदन 1 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

नई स्कूलें मालाड (पश्चिम), मालाड (पूर्व), सांताक्रूज (पूर्व), कांदिवली (पूर्व) और ग्रांट रोड (पश्चिम) में शुरू की जा रही हैं। बीएमसी ने वर्ष 2020-21 से चरणबद्ध तरीके से अब तक 19 सीबीएसई स्कूल शुरू किए हैं और अब पांच नए विद्यालयों के साथ इस पहल का और विस्तार किया जा रहा है। बीएमसी वर्तमान में मराठी, हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, गुजराती, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ सहित आठ भाषाओं में शिक्षा उपलब्ध करा रही है।

बीएमसी के अधीन 1,118 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 3 लाख 10 हजार 426 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन विद्यालयों में 8,630 शिक्षक कार्यरत हैं। नई मुंबई पब्लिक स्कूल (सीबीएसई) के रूप में लिबर्टी गार्डन (मालाड पश्चिम), गोविंद नगर (मालाड पूर्व), वाकोला (सांताक्रूज पूर्व), ठाकुर विलेज (कांदिवली पूर्व) तथा जगन्नाथ शंकरशेठ (ग्रांट रोड पश्चिम) में स्कूल शुरू किए जाएंगे। इनमें नर्सरी, जूनियर केजी, सीनियर केजी और पहली कक्षा में प्रवेश दिए जाएंगे।

विद्यार्थियों को निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उद्देश्य

मुंबई बीएमसी का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से सभी वर्गों के विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। खासकर उन परिवारों के बच्चों को इसका लाभ मिलेगा, जो निजी स्कूलों की महंगी फीस वहन करने में सक्षम नहीं है।

प्रवेश के इच्छुक अभिभावक 1 से 12 जुलाई 2026 के बीच बीएमसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भरने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर संबंधित स्कूल के सहायता केंद्र में जाकर भी मदद प्राप्त की जा सकती है। बीएमसी के शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने बच्चों का समय पर प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com