

Mumbai Dharavi Redevelopment Land: मुंबई बीएमसी जो पहले ही धारावी पुनर्विकास परियोजना (डीआरपी) के लिए देवनार डंपिंग ग्राउंड की 124 एकड़ भूमि सौंप चुकी है, अब मुलुंड डंपिंग ग्राउंड की अतिरिक्त 15 एकड़ भूमि को निर्माण संबंधी बुनियादी ढांचा स्थापित करने के लिए लीज पर देने की तैयारी कर रही है। पिछले कुछ महीनों से बीएमसी प्रशासन में इस प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है। उम्मीद है कि इस महीने के अंत में इसे मंजूरी के लिए बीएमसी की सुधार समिति के समक्ष रखा जाएगा।
प्रस्तावित 5 वर्षीय लीज से बीएमसी को लगभग 103 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है। यह भूमि नवभारत मेगा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (एनएमडीपीएल) को लीज पर दी जाएगी। एनएमडीपीएल, अदाणी समूह और महाराष्ट्र सरकार की संयुक्त विशेष प्रयोजन इकाई (एसपीवी) है, जो धारावी पुनर्विकास परियोजना का क्रियान्वयन कर रही है।
देवनार लैंडफिल के विपरीत, जहां धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत पुनर्वासित परिवारों के लिए आवासीय इमारतें बनाई जा रही हैं। वहीं मुलुंड की इस भूमि का उपयोग निर्माण कार्यों को समर्थन देने के लिए रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांट और कास्टिंग यार्ड स्थापित करने में किया जाएगा।
बीएमसी के दस्तावेजों के अनुसार, इस प्रस्ताव की शुरुआत एनएमडीपीएल की ओर से हुई थी। कंपनी ने इस वर्ष फरवरी में भूमि के एक हिस्से को पांच वर्षों के लिए लीज पर देने का अनुरोध किया था।
एक मुंबई बीएमसी अधिकारी ने कहा कि बीएमसी के पास इतनी बड़ी भूमि के तत्काल उपयोग की कोई योजना नहीं थी। इसी दौरान एनएमडीपीएल ने कास्टिंग यार्ड स्थापित करने के लिए इस भूमि की मांग की।
प्रशासन ने राजस्व अर्जित करने के उद्देश्य से इस भूखंड को लीज पर देने का निर्णय लिया। इससे पहले बीएमसी ने 311 एकड़ के देवनार डंपिंग ग्राउंड में से 124 एकड़ भूमि धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत पुनर्वास आवास निर्माण के लिए एनएमडीपीएल को सौंपी थी।