

BMC Model Parking Project News: मुंबई में पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में बीएमसी ने एक नई पहल शुरू की है। दादर पश्चिम स्थित जगन्नाथ सावंत मार्ग के सार्वजनिक वाहनतल को 'मॉडल पार्किंग' के रूप में विकसित किया जा रहा है।
यदि यह पायलट परियोजना सफल रहती है, तो इसे मुंबई के अन्य सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर भी लागू किया जाएगा। बीएमसी के अनुसार, शहर में लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण पार्किंग और यातायात प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन गया है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जगन्नाथ सावंत मार्ग स्थित पार्किंग स्थल पर कई सुविधाओं का विकास किया गया है। परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया है, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की गई है तथा सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। महिला वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष कदम उठाए गए हैं।
स्थानीय नागरिकों को अधिकृत पार्किंग का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए मासिक पार्किंग पास पर 50 प्रतिशत की छूट दी गई है। पहले चरण में 400 रियायती पास उपलब्ध कराए जाएंगे, पार्किंग स्थल तक पहुंच आसान बनाने के लिए दिशासूचक संकेतकों की संख्या बढ़ाई गई है।
'नो पार्किंग' क्षेत्रों को स्पष्ट रूप से दर्शाने के लिए सड़कों पर लाल और काले रंग की पट्टियां बनाई जा रही हैं, जबकि सम-विषम तारीखों के अनुसार पार्किंग व्यवस्था के लिए लाल और सफेद पट्टियां अंकित की जा रही है।
अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने बताया कि इस पार्किंग स्थल पर लगभग 1,000 तीनपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ 12 दोपहिया वाहनों के लिए व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई 2026 से 'नो पार्किंग' क्षेत्रों में वाहन खड़े पाए जाने पर यातायात पुलिस के माध्यम से दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।