

Mumbai Metro 11 Wadala Gateway Bandra Project: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में तेजी से मेट्रो का जाल बुना जा रहा है। आरे से लेकर कफ परेड तक मुंबई की पहली अंडरग्राउंड मेट्रो के सफल संचालन के बाद अब वडाला से गेटवे ऑफ़ इंडिया और बांद्रा के बीच मेट्रो 11 की शुरूआत होने वाली है।
मुंबई की रफ्तार बढ़ाने वाली इस मेट्रो के लिए राज्य सरकार ने अपने हिस्से की 3137.72 करोड़ की राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके साथ इस प्रोजेक्ट के लिए 916। 74 करोड़ रुपए का ब्याजमुक्त कर्ज उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई है।
मेट्रो लाइन-11 मुख्य रूप से वडाला से गेटवे ऑफ इंडिया तक प्रस्तावित अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर है। अब इसे आगे बढ़ा कर धारावी से होते हुए बांद्रा टर्मिनस तक ले जाने की योजना बनाई गई है। 24.4 किमी लंबा रूट शुरुआत में मेट्रो-11 को 17.5 किमी लंबा वडाला- गेटवे भूमिगत कॉरिडोर बनाने की योजना थी। लेकिन 6.9 किमी के विस्तार के बाद यह 24.4 किमी हो गया है। कुल लागत लगभग 23,487 करोड़ रुपये आंकी गई है। स्टेशनों की संख्या 14 से बढ़कर 19: मेट्रो 11 के विस्तार के साथ 5 नए स्टेशन चुनाभट्टी, सायन, सेंट्रल धारावी, बांद्रा वेस्ट और बांद्रा टर्मिनस जुड़ेंगे। इसके पहले प्रस्तावित स्टेशनों में आणिक बस डिपो, सीजीएस बस कॉलोनी, गणेश नगर, बीपीटी हॉस्पिटल, शिवरी, हाजी बंदर, बंदर कोल डिपो, रे रोड, भायखला, नागपाड़ा, भिंडी बाजार, क्रॉफर्ड मार्केट, सीएसएमटी, हॉर्निमन सर्कल और एसपीएम सर्कल, गेटवे ऑफ इंडिया शामिल हैं।
राज्य सरकार एवं अदाणी ग्रुप द्वारा तेजी से विकसित किए जा रहे धारावी से भी मेट्रो 11 जुड़ेगी। अंडरग्राउंड मेट्रो 11 को धारावी में मेट्रो 3 से इंटरचेंज मिलेगा। जिससे यात्री सीधे बीकेसी और सीप्झ जा सकेंगे। इसके अलावा बांद्रा वेस्ट पर मेट्रो 2B से कनेक्शन मिलेगा, जो पश्चिमी उपनगरों को पूर्वी गलियारे से जोड़ेगा।
एमएमआरसीएल के अनुसार प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया सितंबर 2026 में शुरू होगी और 2032 तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। यह लाइन धारावी पुनर्विकास क्षेत्र के साथ दक्षिण मुंबई के बिजनेस, हेरिटेज जोन, मुंबई पोर्ट वाटरफ्रंट को सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी देगी, जिससे सड़क का दबाव कम होगा और ट्रैवल टाइम घटेगा।