Mumbai News: कुर्ला में बीएमसी की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 71 अतिक्रमण ध्वस्त

Mumbai Encroachment: बीएमसी ने मुंबई के कुर्ला (पश्चिम) में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दिन में 71 अवैध फेरीवाले और निर्माण हटाए। अभियान में भारी पुलिस बंदोबस्त रहा।
BMC Anti-Encroachment Drive In Kurla West
मुंबई के कुर्ला में अतिक्रमण हटाते बीएमसी के कर्मचारी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BMC Anti-Encroachment Drive: बीएमसी ने मुंबई के कुर्ला (पश्चिम) क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एक ही दिन में 71 अतिक्रमणों को हटाया। यह कार्रवाई बीते सोमवार को की गई। इस दौरान अवैध फेरीवालों, फुटपाथ पर बनी दुकानों तथा दुकानों के विस्तारित अनधिकृत निर्माणों को हटाया गया।

बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, कुर्ला रेलवे स्टेशन परिसर, न्यू मिल मार्ग, बैल बाजार क्षेत्र और विनोबा भावे नगर सहित कई भीड़भाड़ वाले इलाकों में लंबे समय से फुटपाथों पर अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं। इन अतिक्रमणों के कारण पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।

पुलिस बंदोबस्त की तैनाती

कार्रवाई के दौरान कुर्ला पुलिस थाना क्षेत्र में 53 तथा विनोबा भावे नगर पुलिस थाना क्षेत्र में 18 अवैध फेरीवाले और दुकानों के निर्माण हटाए गए। कुल 71 अवैध ढांचे तोड़े गए, अतिक्रमण हटाने के लिए 4 विशेष वाहन, 2 जेसीबी मशीनों और अन्य यांत्रिक संसाधनों की सहायता ली गई। अभियान में बीएमसी के 46 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे और किसी भी अप्रिय घटना से बचने पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था।

ऑटो रिक्शा चालकों पर भी कार्रवाई के निर्देश

बीएमसी प्रशासन ने बताया कि संबंधित इलाके में नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त किया जा सके और नागरिकों को सुरक्षित व सुगम आवाजाही मिल सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com