

खार के सेंट एलियास हाईस्कूल के पास मैदान का होगा विकास।
BMC करीब 2.47 करोड़ रुपये करेगी खर्च।
नई सुरक्षा दीवार, पाथवे और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनेगा।
रात में खेलने के लिए लाइटिंग और सुरक्षा केबिन की व्यवस्था।
लाल मिट्टी बिछाने के साथ परिसर में बढ़ेगी हरियाली।
मानसून समेत 11 महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य।
Mumbai BMC Khar Playground Development: पश्चिमी उपनगर खार स्थित आंबेडकर रोड पर सेंट एलियास हाईस्कूल के पास मौजूद खेल मैदान को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की तैयारी की जा रही है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) इस परियोजना पर करीब 2.47 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके तहत मैदान में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ सुरक्षा, रोशनी और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इससे स्थानीय खिलाड़ियों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रस्तावित योजना के तहत मैदान के चारों ओर नई सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। बारिश के पानी का संचयन करने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इसके अलावा नागरिकों और पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए पाथवे तैयार किया जाएगा। मैदान के मुख्य प्रवेश द्वार के साथ सुरक्षा केबिन भी बनाया जाएगा, जिससे परिसर की निगरानी बेहतर हो सकेगी।
मैदान में बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि खिलाड़ी रात के समय भी इसका इस्तेमाल कर सकें। इसकी सतह को बेहतर बनाने के लिए पहले सफाई की जाएगी और उसके बाद लाल मिट्टी बिछाई जाएगी। परिसर में हरियाली बढ़ाने की भी योजना है। इन कार्यों से मैदान को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और आकर्षक बनाया जाएगा।
खार के इस मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने और विकसित करने की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के 27 सितंबर के आदेश के बाद शुरू हुई। अदालत के निर्देशों के बाद बीएमसी ने आरक्षित जमीन के संरक्षण और विकास की दिशा में कदम उठाया है। परियोजना के लिए मेसर्स आर. एस. कंस्ट्रक्शन को काम सौंपने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे बीएमसी की स्थायी समिति के सामने मंजूरी के लिए रखा गया है।
परियोजना के तहत मानसून के दौरान भी निर्माण कार्य जारी रहेगा। चयनित ठेकेदार को 11 महीने के भीतर काम पूरा करना होगा। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग कार्यों के लिए तीन से पांच साल की दोष दायित्व अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान तकनीकी खामी सामने आने पर ठेकेदार को अपने खर्च पर मरम्मत करनी होगी।
इस परियोजना का खर्च मुंबई बीएमसी के वित्तीय वर्ष 2026-27 के संशोधित बजट से किया जाएगा। प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए स्थायी समिति के साथ उपनगरों की स्थापत्य समिति से भी प्रशासनिक मंजूरी मांगी गई है।