आचार संहिता हटते ही बीएमसी एक्टिव: सड़क, अस्पताल और इंफ्रा प्रोजेक्ट्स के लिए सैकड़ों टेंडर जारी

BMC Tenders: स्थानीय निकाय चुनावों के बाद बीएमसी ने एक महीने में करीब 600 करोड़ रुपये के 361 टेंडर जारी किए हैं। इनमें सड़क, जलनिकासी और प्रदूषण नियंत्रण जैसे कई अहम नागरिक परियोजनाएं शामिल हैं।
BMC
BMC (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Civic Infrastructure Tender Projects: बीएमसी ने चुनावों के बाद एक महीने में लगभग 600 करोड़ रुपये के 361 टेंडर जारी किए हैं। इनमें से अधिकांश टेंडर आदर्श आचार संहिता हटते ही जारी किए गए। 17 जनवरी से 9 फरवरी के बीच जारी कुल टेंडरों में से 355 फिलहाल सक्रिय हैं।

स्थानीय निकाय चुनावों से पहले लागू की गई आदर्श आचार संहिता को राज्य निर्वाचन आयोग की तरफ से हटाए जाने के बाद ये टेंडर जारी किए गए। इसके साथ ही बीएमसी के ठेका कार्यों पर लगे लगभग एक महीने लंबे प्रतिबंध ख़त्म हो गए।

इन टेंडरों के अंतर्गत मुंबई भर में विभिन्न बुनियादी ढांचा और नागरिक कार्य शामिल हैं, जिनमें सड़कों का कॉनक्रीटाईजेसन, बांद्रा वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट फैसिलिटी (डब्ल्यूडब्ल्यूटीएफ) के कुछ हिस्सों की मरम्मत आदि शामिल हैं।

आचार संहिता से लंबित था टेंडर

बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि इनमें से बड़ी संख्या में टेंडर दिसंबर से लंबित थे, लेकिन आचार संहिता के कारण जारी नहीं किए जा सके थे। बीएमसी रिकॉर्ड के अनुसार, 15 दिसंबर से 16 जनवरी तक, जब आचार संहिता लागू थी। उस दौरान कोई भी टेंडर जारी नहीं किया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि "आमतौर पर हर सप्ताह 5-10 टेंडर जारी किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के दौरान कोई नया टेंडर जारी नहीं हो सका। इसलिए चुनावों के बाद कार्यों में देरी से बचने के लिए टेंडर तुरंत अपलोड किए गए।

इस दौरान जिन प्रमुख कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए, उनमें बीएमसी द्वारा संचालित केईएम अस्पताल की मरम्मत, बोरीवली में कचरा संग्रहण के लिए वाहनों की नियुक्ति, मालाड में जलनिकासी और रास्तों की मरम्मत, वायु प्रदूषण से निपटने के लिए वाहन-आधारित मिस्ट स्प्रे मशीनों की खरीद और एचबीटी कॉलेज में सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव जैसे कार्य शामिल हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com