मुंबईकर ध्यान दें! BMC चुनाव के बीच मुंबई सेंट्रल RTO की सभी सेवाएं 2 दिन रहेंगी ठप, जानें कारण

BMC Election 2026 के मद्देनजर मुंबई (सेंट्रल) RTO 14 और 15 जनवरी को आम जनता के लिए बंद रहेगा। चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया सुचारू बनाने के लिए यह कदम उठाया है। मतदान 15 और मतगणना 16 जनवरी को होगी।
BMC elections Mumbai Central Regional Transport Office will remain closed on 14 and 15 January
मुंबई (सेंट्रल) क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Central RTO Closed News: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बीएमसी (BMC) चुनाव का बिगुल बज चुका है। 15 जनवरी को होने वाले मतदान के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, मतदान व्यवस्था और लॉजिस्टिक्स को संभालने के लिए मुंबई सेंट्रल क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को दो दिनों के लिए अधिग्रहित किया गया है।

मुंबई सेंट्रल RTO की सेवाएं बाधित: क्या है कारण?

मुंबई नगर निगम चुनाव की सरगर्मियों के बीच आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना है। राज्य चुनाव आयोग के आदेश पर, मुंबई (सेंट्रल) क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय आगामी 14 और 15 जनवरी (बुधवार और गुरुवार) को बंद रहेगा। परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस दौरान कार्यालय में लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन या अन्य कोई भी नियमित कार्य नहीं किया जाएगा। दरअसल, उप चुनाव अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए RTO भवन और उसके परिसर को अस्थायी रूप से अधिग्रहित कर लिया है। अधिकारियों को चुनाव के लिए आवश्यक कर्मचारी और वाहनों के प्रबंधन हेतु यह अधिकार दिया गया है।

15 जनवरी को होगा महा-संग्राम: सियासी समीकरण

इस बार बीएमसी की 227 सीटों के लिए मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। चुनावी मैदान में कुल 2516 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 15 जनवरी 2026 को होने वाले मतदान के बाद, 16 जनवरी को नतीजों की घोषणा की जाएगी। बता दें कि 2017 के पिछले चुनाव में मुकाबला बेहद कड़ा था, जहां शिवसेना ने 84, भाजपा ने 82 और कांग्रेस ने 31 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार समीकरण बदले हुए हैं, जिससे भाजपा, शिवसेना के दोनों गुट और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।

नागरिकों के लिए जरूरी निर्देश

प्रशासन ने अपील की है कि जिन लोगों ने 14 या 15 जनवरी के लिए आरटीओ संबंधी अपॉइंटमेंट लिए थे या कोई काम निर्धारित किया था, वे उसे आगे की तारीखों के लिए री-शेड्यूल कर लें। 16 जनवरी से सेवाएं फिर से सामान्य होने की उम्मीद है, हालांकि मतगणना के दिन भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com