BMC Election 2026: मुंबई पर कब्जे की साजिश का आरोप, राज ठाकरे ने छोड़े पुराने मतभेद

Maharashtra Nikay Chunav: बीएमसी चुनाव से पहले राज ठाकरे ने भाजपा पर मुंबई पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने शिवसेना (यूबीटी)-मनसे गठबंधन को मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया।
raj-thackeray
राज ठाकरे (सौजन्य-IANS)
Updated on

Mumbai News In Hindi: बीएमसी चुनाव की बढ़ती सरगर्मियों के बीच मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि भाजपा के मंसूबों को मिटाने के लिए एकजुट हो जाओ। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और मराठी लोगों के लिए मुंबई बहुत महत्वपूर्ण है।

इस पर कब्ज़ा करने की पूरी कोशिश की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईवीएम पर बीजेपी को गुमान है। मनपा चुनावों में उनके सपनों को दफनाने और मुंबई को बचाने के लिए एक साथ आ जाओ।

शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के गठबंधन के बाद पहली बार राज ने सोमवार को बांद्रा के रंगशारदा हॉल में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित किया। गठबंधन की वजह से सीट बंटवारे में कई इच्छुक उम्मीदवारों के टिकट कट जाते हैं। इसलिए राज ने पार्टी में बढ़ती नाराजगी को दूर करने के लिए पदाधिकारियों को संबोधित किया।

मुंबई के लिए गुस्सा और मतभेद छोड़ा

इसमें पार्टी के सभी नेताओं, उप नेताओं के साथ स्थानीय व शाखा प्रमुखों को बुलाया गया था। राज ठाकरे ने कहा कि उन्होंने मुंबई के लिए अपना गुस्सा और राजनीतिक मतभेद किनारे रख दिए हैं। मुंबई को तोड़ने का काम चल रहा है। हम सभी को सावधान रहना चाहिए, बीजेपी मुंबई पर कब्जा करना चाहती है। मुंबई समेत पूरे मेट्रोपॉलिटन शहरों को गुजरात से जोड़ना चाहती है। भले ही हम सत्ता से बाहर हैं, लेकिन हमारा असर कम नहीं हुआ है। मुंबई को बचाने के लिए हम अपनी नाराजगी छोड़कर और मतभेद भुलाकर चुनाव के काम में लग जाएं।

चुनाव प्रचार में डाली जाएंगी कई रुकावटें

बीजेपी चुनाव जीतने के लिए पीएम मोदी और ईवीएम पर दांव लगा रही है। कई लोगों को उम्मीद है कि अगर वे उनके पास जाएंगे, तो उन्हें टिकट मिल जाएगा, लेकिन टिकट न मिलने की तलवार उनके अपने लोगों पर लटक रही है।

राज ने कहा कि सरकार प्रशासक आयुक्त के जरिए बीएमसी में मनमानी कर रही है। चुनाव प्रचार के दौरान कई रुकावट डाली जाएंगी। किसी के व्यक्तिगत फायदे के बजाय, गठबंधन के उम्मीदवारों को अपना समझ कर काम करें। मुंबई और मराठी लोगों के हित के सामने राजनीतिक फायदे कोई मायने नहीं रखते।

मुंबई को तोड़ने का सपना होगा चकनाचूर - नांदगांवकर

मनसे नेता बाला नांदगावकर ने कहा कि मुंबई को तोड़ने का सपना चकनाचूर होना चाहिए, मुंबई मराठी मानुष और महाराष्ट्र की है। यह चुनाव मराठी मानुष के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। पाटी कार्यकर्ताओं को गठबंधन धर्म का पालन करना चाहिए, क्योंकि इन मनपा चुनावों में हर सीट महत्वपूर्ण है। मुबई को बचाने के लिए अपने मतभेदों को एक तराक रख दे। शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) के उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार में पार्टी पदाधिकारियों को भाग लेने का निर्देश राज ठाकरे ने दिया है। उन्होंने कहा कि एनसीपी (एसपी) भी गठबंधन का हिस्सा होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com