BMC चुनाव के लिए कांग्रेस ने खोला वादों का पिटारा, दवा से लेकर छत तक, जानें घोषणपत्र में खास क्या ?

BMC Election से पहले मुंबई कांग्रेस ने घोषणापत्र जारी किया। स्वच्छ हवा, यूनिवर्सल हेल्थ कार्ड, मुफ्त दवाइयां, नए अस्पताल, सस्ती शिक्षा-आवास और पारदर्शी प्रशासन के वादे किए गए।
BMC Election Mumbai Congress Manifesto
बीएमसी चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करतेक कांग्रेस नेता (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Congress Manifesto: मुंबई में आगामी बीएमसी चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में मंगलवार को मुंबई कांग्रेस ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने इस घोषणापत्र में स्वच्छ हवा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पारदर्शी प्रशासन और किफायती घर जैसे कई अहम वादे किए हैं।

घोषणापत्र में कहा गया है कि मुंबई के नागरिकों को "यूनिवर्सल हेल्थ कार्ड" दिया जाएगा, जिसके जरिए उन्हें मुफ्त दवाइयों की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बीएमसी के अस्पतालों को मजबूत करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार करने और गरीब व मध्यम वर्ग के लिए सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। कांग्रेस ने महानगर में दो नए मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने का भी वादा किया है। इसके अलावा फेरीवालों के लिए कानून भी लागू करने की बात कही गई है।

शिक्षा के साथ पर्यावरण घोषणापत्र का अहम हिस्सा

कांग्रेस के घोषणापत्र में शहर की बुनियादी सुविधाओं को लेकर पानी की आपूर्ति, स्वच्छता, सड़कों की मरम्मत, जल निकासी और ठोस कचरा प्रबंधन को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। खास तौर पर उपनगरों और झुग्गी-बस्तियों में नागरिक सुविधाओं में सुधार का भरोसा दिलाया गया है।

शिक्षा के क्षेत्र में बीएमसी संचालित स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने, बुनियादी ढांचे को उन्नत करने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। पारदर्शी और न्यायसंगत पुनर्विकास नीति, झुग्गीवासियों के अधिकारों की रक्षा तथा निम्न और मध्यम आय वर्ग के लिए किफायती आवास पर भी जोर दिया गया है।

कांग्रेस ने पर्यावरण संरक्षण को घोषणापत्र का अहम हिस्सा बताते हुए खुले मैदानों की सुरक्षा, वायु गुणवत्ता में सुधार और बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए जलवायु-लचीली योजनाओं को लागू करने की बात कही गई है। ट्रैफिक जाम कम करने और पैदल यात्रियों के अनुकूल ढांचा विकसित करने के वादे भी शामिल हैं। सामाजिक न्याय के तहत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के कल्याण के लिए बीएमसी बजट का 5-5 प्रतिशत हिस्सा आवंटित करने की घोषणा की है। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं व हाशिए पर मौजूद समुदायों के लिए विशेष कल्याण योजनाओं का भी आश्वासन दिया गया है।

कांग्रेस के घोषणापत्र की खास बातें

  • किसी भी बीएमसी अस्पताल का निजीकरण नहीं होगा
  • मुंबई के नागरिकों को "यूनिवर्सल हेल्थ कार्ड (जरूरत की दवाइयां मुफ्त मिलेगी)
  • बीएमसी अस्पतालों में 24 घंटे ओपीडी सेवा
  • दो नए मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे
  • 5000 एमएलडी तक बढ़ाएंगे पानी की सप्लाई
  • 20 प्रतिशत मुफ्त जल आपूर्ति
  • गारगाई डैम का त्वरित निर्माण
  • सालाना 8 प्रतिशत बढने वाले पानी टैरिफ को रद्द किया जाएगा
  • बंद हुए बीएमसी स्कूलों को फिर से शुरू किया जाएगा
  • एआई पर आधारित स्मार्ट क्लासरूम
  • अब तक बीएमसी के छात्र 27 चीजें मुफ्त पाते है जिसे बढ़ाकर 32 किया जाएगा
  • बीएमसी छात्रों के लिए मुफ्त बेस्ट बस की सेवा
  • कचरा मुक्त व धुल मुक्त मुंबई
  • हाउसिंग सोसाइटी से मुफ्त कचरा वहन
  • स्मार्ट पार्किंग
  • हॉकर निति को लागू करना
  • स्वच्छ हवा
  • अधिक से अधिक नए आंगनवाडी केंद्र बनाए जाएंगे
  • प्रत्येक वार्ड में स्तनपान के लिए हिरकणी रूम बनाए जाएंगे
  • स्कूल, ऑफिस में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com