किरीट सोमैया (सोर्स: सोशल मीडिया)
मुंबई: वक्फ संशोधन बिल के कारण मुंबई सहित पूरे देश में तनाव बना हुआ है। बिल लोकसभा और राज्य सभा में पास हो गया है। अब राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद अध्यादेश को कानूनी मान्यता मिल जाएगी। लेकिन वक्फ बिल को लेकर जारी तनाव के बीच मुंबई में अवैध मस्जिदें और उन मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकरों भी बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। बीजेपी नेता व पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इबादत की आड़ में लैंड जिहाद का आरोप लगाते हुए अवैध मस्जिदों के खिलाफ जोरदार अभियान छेड़ दिया है।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्ववाली महा विकास अघाडी सरकार के मंत्रियों नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर अभियान छेड़ने की वजह से सुर्खियों में आए किरीट सोमैया के निशाने पर इन दिनों मुंबई, भायंदर, नवी मुंबई, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, पनवेल सहित पूरे एमएमआर की अवैध मस्जिदें और भोंगे आ गए हैं।
बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मिले ‘सिग्नल’ के अनुसार, सोमैया ने मुंबई एमएमआर की मस्जिदों एवं लाउडस्पीकर के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। बीजेपी का यह अभियान चरणबद्ध रूप से मुंबई के सभी इलाकों में बढ़ रहा है। इससे मुसलमानों में हड़कंप मच गया है।
घाटकोपर-पश्चिम स्थित 33 मस्जिदों, भांडुप-पश्चिम, एलबीएस मार्ग स्थित (मस्जिद) ग्रेट ईस्टर्न सोसायटी गेट/जमीन पर अतिक्रमण, वहां और फुटपाथ / सड़क पर नमाज के विरोध में शुक्रवार को आवाज उठाने के बाद उन्होंने शनिवार को गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में 72 मस्जिदों के अवैध लाउडस्पीकरों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी के पक्ष में मुसलमानों ने एक एकमुश्त मतदान किया था। कथित ‘वोट जिहाद’ की वजह से लोकसभा चुनाव में बीजेपी नीत महायुति को महाराष्ट्र में अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। उस झटके के बाद मुसलमानों के बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। सोमैया ने मुंबई सहित महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान (जिसे बीजेपी ने वोट जिहाद नाम दिया है) के अनुसार अभियान छेड़ दिया।
हालांकि इस अभियान के दौरान मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में बढ़ रही बांग्लादेशी, रोहिंग्याओं की घुसपैठ एक गंभीर सच्चाई भी सामने आई। मुंबई एमएमआर में अवैध मस्जिदों एवं भोंगों के खिलाफ अभियान चलाने वाले सोमैया ने महाराष्ट्र के मालेगांव, अंबड, हिंगोली, संभाजी नगर, अकोला, लातूर सहित कई अन्य जिलों के वोटिंग पैटर्न का अध्ययन किया तो बड़ी संख्या में हुई अवैध घुसपैठ का खुलासा हुआ।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
हैरानी की बात यह है कि कई घुसपैठिए बांग्लादेशी वर्षों से मुंबई व महाराष्ट्र में रह रहे हैं तथा भ्रष्ट अधिकारियों की साठगांठ से उन्होंने हिंदुस्थानी आधार कार्ड, राशन कार्ड, वोटिंग कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आदि दस्तावेज भी बनवा लिए हैं। इससे कई इलाकों के डेमोग्राफी बदलने का खतरा निर्माण हो गया है। जो कि देश की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन सकता है।
पूर्व सांसद व भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा कि मुंबई में इन दिनों अवैध मस्जिदों की अचानक बाढ़ आ गई है। अवैध मस्जिदों पर लगे अवैध भोंगों के शोर कारण दूसरे लोगों को परेशानी होती है है लेकिन यह एक तरह का शक्ति प्रदर्शन है। सवाल यह उठता है कि अचानक इतनी अवैध मस्जिदों की जरूरत क्यों पड़ने लगी है। तो इसकी जड़ में घुसपैठ की बड़ी साजिश छिपी है।
सोमैया ने कहा कि इबादत के नाम पर लैंड जिहाद चलाया जा रहा है। अवैध मस्जिदों के आसपास की जमीन हथियाई जा रही है। इसके जरिए घुसपैठियों की मदद की जा रही है। यह राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। इसलिए इसे धर्म के चश्मे से नहीं देखना चाहिए। मैं भांडुप, घाटकोपर, पवई, विक्रोली, शिवाजी नगर इलाकों में पुलिस और महानगर पालिका कर्मचारियों के साथ दौरा कर चुका हूं। जल्द ही कार्रवाई होगी।