'चौंकना मत…यह महाराष्ट्र पैटर्न', बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर संजय राउत ने कसा तंज

Bihar Assembly Election Result: बिहार में NDA गठबंधन ऐतिहासिक सफलता की ओर है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने इन नतीजों को 'महाराष्ट्र पैटर्न' बताया और BJP तथा चुनाव आयोग पर तंज कसा है।
Sanjay Raut Tweet On Bihar Election Result
शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Sanjay Raut Tweet On Bihar Election Result: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में NDA गठबंधन ऐतिहासिक सफलता की ओर बढ़ रहा है। इस चौंकाने वाले परिणाम पर शिवसेना नेता सांसद संजय राउत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे ‘महाराष्ट्र पैटर्न’ बताते हुए यह उपरोधिक कटाक्ष किया।

बिहार विधानसभा चुनाव में NDA गठबंधन ऐतिहासिक सफलता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। 14 नवंबर 2025 को आ रहे मतगणना के नतीजों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) 92 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि जनता दल यूनाइटेड (JDU) 82 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) भी 20 सीटों पर आगे है।

दूसरी ओर, महागठबंधन की भारी हार देखने को मिल रही है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) केवल 27 सीटों पर, कांग्रेस 4 सीटों पर और कम्युनिस्ट पार्टी 2 सीटों पर आगे चल रही है। कई बड़े नेता पराजय की छाया में हैं। यहां तक कि तेजस्वी यादव भी राघवपुर निर्वाचन क्षेत्र से पिछड़ रहे हैं।

संजय राउत बोले- एकदम महाराष्ट्र पैटर्न

बिहार के इन चौंकाने वाले चुनावी नतीजों पर शिवसेना नेता, सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राउत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों से धक्का लगने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और बीजेपी का हाथों में हाथ डालकर जो राष्ट्रीय कार्य शुरू था, उसे देखते हुए इससे अलग परिणाम संभव नहीं था। राउत ने इन नतीजों को "एकदम महाराष्ट्र पैटर्न" बताया। उन्होंने कटाक्ष किया कि जिस गठबंधन के सत्ता में आने की गारंटी थी, उसे 50 के भीतर ही समाप्त कर दिया गया।

क्या है महाराष्ट्र पैटर्न?

संजय राउत ने जिस 'महाराष्ट्र पैटर्न' का उल्लेख किया है, वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के नतीजों से जुड़ा है। उन चुनावों में ओपिनियन पोल और एक्जिट पोल में करीबी मुकाबले का अनुमान था, लेकिन महायुति (NDA) ने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की थी। महायुति ने 232 सीटों पर जीत हासिल की थी।

राउत के अनुसार, इस पैटर्न में विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (MVA) 50 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई थी। MVA के तहत कांग्रेस को 16, शिवसेना (ठाकरे गुट) को 20 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) को केवल 10 सीटें मिली थीं। राजनीतिक विश्लेषकों के लिए यह परिणाम हैरान करने वाला था क्योंकि छह महीने पहले हुए लोकसभा चुनावों में MVA ने 48 में से 31 सीटें जीतकर जबरदस्त प्रदर्शन किया था।

अन्य संबंधित परिणाम

बिहार चुनाव के अन्य परिणामों की बात करें तो, जेडीयू के बाहुबली नेता अनंत सिंह मोकामा निर्वाचन क्षेत्र से 28,000 मतों के अंतर से विजयी हुए हैं। हालांकि, 'सिंघम' के नाम से मशहूर और खाकी छोड़कर खादी अपनाने वाले महाराष्ट्र के सुपुत्र शिवदीप लांडे को बिहार में झटका लगा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com