

Bhandup Sunshine Housing Society Building Incident: जाको राखे साइयां, मार सके न कोई वाली कहावत मुंबई के भांडुप में हुई एक घटना में चरितार्थ होती दिखाई दी। भांडुप पश्चिम के तुलशेतपाड़ा स्थित सनशाइन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी की 10वीं मंजिल से बुधवार सुबह 26 वर्षीय महिला गिर गई, लेकिन नीचे मौजूद पेड़ पर अटक जाने से उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना सुबह करीब 9.30 बजे फायर ब्रिगेड को मिली। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित पेड़ से नीचे उतारा। महिला के गिरने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
महिला की पहचान प्रतीक्षा अंकुश हिवराले (26) के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद उन्हें तत्काल मुलुंड जनरल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आगे के इलाज के लिए उन्हें सायन अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
घायल प्रतीक्षा हिवराले को सायन अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया गया है कि प्रतीक्षा का करीब चार महीने पहले ही विवाह हुआ था। घटना की जानकारी उनके माता-पिता को दे दी गई है।
पुलिस उपायुक्त अभयसिंह देशमुख के मुताबिक, महिला के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती होने के कारण फिलहाल उनका बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। पुलिस ने अस्पताल से इंडोर्समेंट लिया है।
पुलिस अब महिला के 10वीं मंजिल से गिरने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। महिला के बयान के बाद घटना के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।