बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बड़ी काईवाई, मुंबई पुलिस ने सुरक्षा गार्ड श्याम सोनवणे को किया बर्खास्त

Baba Siddique Murder Case: मुंबई पुलिस ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके सुरक्षा गार्ड श्याम सोनवणे को बर्खास्त कर दिया है। कर्तव्य की उपेक्षा और लापरवाही का दोषी पाया गया।
Baba Siddique Bodyguard Shyam Sonawane Dismissed
बाबा सिद्दीकी (कॉन्सेप्ट फोटो, सोशल मीडिया)
Updated on

Baba Siddique Bodyguard Shyam Sonawane Dismissed: पूर्व एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की सनसनीखेज हत्या के मामले में मुंबई पुलिस ने एक कड़ा अनुशासनात्मक कदम उठाया है। पुलिस प्रशासन ने सिद्दीकी की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल श्याम सोनवणे को आधिकारिक तौर पर सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई उस रात सुरक्षा घेरे में हुई गंभीर चूक और लापरवाही के आरोपों की विभागीय जांच के बाद की गई है।

कांस्टेबल श्याम सोनावणे को क्यों किया बर्खास्त?

मुंबई पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल श्याम सोनावणे सुरक्षा शाखा में तैनात थे और उन्हें बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा में लगाया गया था। घटना के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई।जांच में कांस्टेबल श्याम सोनावणे को कर्तव्य में लापरवाही का दोषी पाया गया, जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा गया कि उन्हें सेवा से क्यों नहीं हटाया जाना चाहिए। इसके बाद पुलिस विभाग ने उन्हें बर्खास्तगी पत्र जारी किया, जिसे उन्होंने 2 मई को स्वीकार कर लिया। अब उन्हें कर्तव्य में लापरवाही के आधार पर आधिकारिक तौर पर सेवा से हटा दिया गया है।

अक्टूबर 2024 में हुई थी बाबा सिद्दीकी की हत्या

बता दें कि 12 अक्टूबर 2024 की रात को मुंबई के बांद्रा इलाके में तीन हमलावरों ने बाबा सिद्दीकी (66) पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। यह हमला उनके बेटे और विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के ठीक बाहर हुआ था। हमले के वक्त कांस्टेबल श्याम सोनवणे सुरक्षा शाखा की ओर से सिद्दीकी की सुरक्षा में तैनात थे, लेकिन वे हमलावरों को रोकने या प्रभावी जवाबी कार्रवाई करने में विफल रहे। अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई।

अनमोल बिश्नोई भी गिरफ्तार

गौरतलब है कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के सिलसिले में नवंबर 2025 में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को में अमेरिका से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद नई दिल्ली लाया गया था। वहीं जून 2025 में बाबा सिद्दीकी की हत्या में कथित तौर पर मुख्य साजिशकर्ता जीशान अख्तर को कनाडा में गिरफ्तार किया गया था।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच में गिरफ्तार होने वालों में अनमोल बिश्नोई 19वें आरोपी बने। मार्च 2023 में आतंकवाद विरोधी एजेंसी ने एक आरोप पत्र दायर किया था जिसमें 2020 से 2023 के बीच देश भर में हुए कई बड़े अपराधों में गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई के साथ बिश्नोई के कथित संबंधों का विस्तृत विवरण दिया गया था।

(IANS एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com