नवी मुंबई चुनाव: फ्रेंडली फाइट या सीधी टक्कर? गणेश नाईक मिलाएंगे शिंदे से हाथ! दिल्ली से बढ़ा दबाव
Navi Mumbai Municipal Election: नवी मुंबई मनपा चुनाव से पहले भाजपा-शिवसेना गठबंधन को लेकर असमंजस बना हुआ है। गणेश नाईक समर्थक अकेले चुनाव के पक्ष में हैं, जबकि दिल्ली से गठबंधन का दबाव बढ़ रहा है।
- Written By: आकाश मसने
गणेश नाईक व एकनाथ शिंदे (डिजाइन फोटो)
Eknath Shinde vs Ganesh Naik: महानगरपालिका चुनाव का बिगुल बज चुका है लेकिन नवी मुंबई में अभी तक स्थिति साफ नहीं हुई है कि भाजपा-शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ेंगे या फिर पुणे मनपा की तरह फ्रेंडली फाइट होगी। कार्यकर्ताओं तथा इच्छुक उम्मीदवारों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
हालांकि भाजपा को ठाणे जिले की सभी महानगरपालिकाओं में शिवसेना के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के आदेश दिल्ली दरबार से दिए गए हैं। यदि यह आदेश नवी मुंबई मनपा पर भी लागू किया जाता है तो अकेले चुनाव लड़ने का दम भरने वाले भाजपा नेता और वन मंत्री गणेश नाईक को न चाहते हुए भी शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे से हाथ मिलाना पड़ेगा।
नवी मुंबई शहर को वन मंत्री गणेश नाईक का गढ़ माना जाता है। यहां लगभग हर वार्ड में नाईक और शिवसेना के शिंदे के बीच मुकाबला है। शनिवार से भाजपा के इच्छुक लोगों का इंटरव्यू प्रोसेस शुरू किया जा चुका है, उसमें नाईक के समर्थक गठबंधन का विरोध करते दिखाई दे रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री पद का ऑफर, शिवसेना का BJP में होगा विलय! सनसनीखेज ट्वीट से मचा हड़कंप
संगम नगरी में विधानसभा चुनाव की बढ़ने लगी सरगर्मी; BJP विधायक ने माफिया विरोधी अभियान को बनाया चुनावी मुद्दा
ठाणे में गणेश प्रतिमा विक्रेताओं को राहत देने की मांग, MBMC में किराया माफी या एकमुश्त शुल्क का प्रस्ताव
चुनाव हारे, पार्टी टूटी और अब ‘फंड वार’, बगावत के बाद TMC के 3 बैंक अकाउंट फ्रीज, 440 करोड़ रुपये अटके
नवी मुंबई है गणेश नाईक का गढ़
नवी मुंबई मनपा की 111 सीटों के लिए 15 जनवरी को चुनाव होंगे। नवी मुंबई मनपा बनने के बाद से ही गणेश नाईक इस शहर की सत्ता में हैं। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद हुए 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में गणेश नाईक ने एनसीपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन वे हार गए थे। हालांकि उसके बाद अगले ही साल हुए मनपा चुनाव में गणेश नाईक ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को नवी मुंबई मनपा में सत्ता दिलाने में सफलता हासिल की थी। इसलिए, यह देखा गया कि मोदी लहर के दौरान भी नवी मुंबईकर गणेश नाईक के साथ रहे।
पहली बार नाईक ने दिलाई मनपा में भाजपा को सत्ता
2019 में गणेश नाईक भाजपा में शामिल हो गए और उनके साथ सभी समर्थक नगरसेवक भी भाजपा में शामिल हो गए, भाजपा पहली बार नवी मुंबई मनपा में सत्ता में आई। गणेश नाईक और उनका परिवार यह इलेक्शन अपने दम पर लड़ना चाहता है। हालांकि, अब सबका ध्यान इस बात पर है कि अगर दिल्ली और राज्य के नेता नवी मुंबई में उन पर गठबंधन करने का दबाव डालते हैं तो नाईक के समर्थक क्या रोल निभाएंगे, नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में 60 से ज्यादा पुराने नगरसेवक भाजपा के साथ है।
यह भी पढ़ें:- Mumbai: कोस्टल रोड के लिए कटेंगे 9 हजार मैंग्रोव, BMC ने 60000 पेड़ों में से 45 हजार को किया चिह्नित
ऐरोली-बेलापुर विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक
एकनाथ शिंदे की शिवसेना के पास 45 से ज्यादा पुराने नगरसेवक हैं। अगर गठबंधन नहीं होता है, तो शहर में इन दोनों पार्टियों के बीच सीधी टक्कर होगी। शहर की दोनों सीटों पर भाजपा को मानने वाले नए वोटर्स का एक बड़ा ग्रुप बन गया है। इसलिए, खुद नाईक का कहना है कि भाजपा नवी मुंबई में अकेले दम पर सत्ता पा सकती है। नाईक और उनके परिवार ने भाजपा नेताओं को इस बारे में मनाने की कोशिश की है।
अगर गठबंधन होता है, तो भाजपा को एकनाथ शिंदे की पार्टी को कम से कम 45 सीटें देनी होंगी। इसके अलावा, भाजपा और खासकर नाईक के समर्थकों के लिए अलग-अलग वार्ड में एक बड़ी मुश्किल खड़ी हो जाएगी। भाजपा की तरफ से शुरू किए गए पार्टी इंटरव्यू में, कई उम्मीदवारों ने गठबंधन न करने की इच्छा जताई है।
