अटल सेतु-पुणे एक्सप्रेसवे कनेक्टर का काम तेज, अब घंटों का सफर मिनटों में; जानें कब तक होगा तैयार

Atal Setu Pune Expressway Connector: मुंबई और पुणे के बीच सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! अटल सेतु को सीधे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले 7.35 KM लंबे कनेक्टर का काम युद्धस्तर पर जारी है।
Atal Setu Pune Expressway Connector
अटल सेतु-पुणे एक्सप्रेसवे कनेक्टर का निर्माण (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Atal Setu Pune Expressway Connector: मुंबई से नवी मुंबई को कुछ मिनटों में ही जोड़ने वाले देश के सबसे बड़े समुद्री ब्रिज मुंबई ट्रांसहार्बर लिंक अर्थात अटल सेतु को मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे से कनेक्ट करने का काम तेजी से किया जा रहा है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) द्वारा किए जा रहे इस बहुउद्देश्यीय प्रोजेक्ट निर्माण को उल्लेखनीय गति मिली है।

कनेक्टर ने हासिल किया माइलस्टोन

मुंबई से सीधे पुणे एक्सप्रेस वे को जुड़ने वाले इस प्रोजेक्ट ने महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग माइलस्टोन प्राप्त किया है। कुल 176 फाउंडेशन कार्य स्थलो में से 143 स्थानों पर कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 142 स्थानों पर पियर्स का निर्माण किया जा चुका है। 88 स्थानों पर पियर कैप्स का कार्य पूर्ण हुआ है, वहीं 830 में से 636 प्रीकास्ट गर्डर्स का निर्माण पूरा हो चुका है। इससे परियोजना की संरचनात्मक मजबूती को बल मिला है। पलस्पे क्षेत्र में स्लिप रोड्स और सर्विस रोड्स के चौड़ीकरण का कार्य भी जारी है,जिससे एक्सप्रेसवे के साथ सुचारु और निर्बाध यातायात कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।

Atal Setu Pune Expressway Connector
अटल सेतु-पुणे एक्सप्रेसवे कनेक्टर का निर्माण (फोटो नवभारत)

7.35 किमी लंबा और 6 लेन का भव्य मार्ग

अटल सेतु से सीधे मुंबई एक्सप्रेस वे को जोड़ने वाला 7.35 किमी लंबा और 6 लेन (11.5 मी+ 11.5 मी चौड़ाई) वाला यह उच्च क्षमता का पुल अटल सेतु (शिवड़ी–न्हावा शेवा) और मुंबई-पुणे एक्सप्रेस वे के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में उभरने वाला है। इससे चिरले और पलस्पे के बीच तेज गति वाली कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) तक भी पहुंचना आसान हो जाएगा।

तीसरी मुंबई को मिलेगी रफ्तार

इन प्रोजेक्ट के पूरा होने से मुंबई, नवी मुंबई और पुणे के बीच की दूरी कम होगी। इसके साथ ‘मुंबई 3.0’ की संकल्पना को गति मिलने वाली है। यह मार्ग यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी लाएगा, लॉजिस्टिक्स को अधिक सक्षम बनाएगा और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नया बल प्रदान करेगा।

Atal Setu Pune Expressway Connector
अटल सेतु-पुणे एक्सप्रेसवे कनेक्टर का निर्माण (फोटो नवभारत)

फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

इस कनेक्टर को फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य एमएमआरडीए ने बनाया है। यह प्रोजेक्ट ‘मुंबई इन मिनट्स’ की व्यापक परिकल्पना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। समुद्री पुल, एक्सप्रेस वे और मेट्रो नेटवर्क के एकीकृत माध्यम से नागरिकों को तेज़, सीमलेस यात्रा प्रदान करने का उद्देश्य है।

'मुंबई इन मिनट्स’ मॉडल

MMRDA के आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने कहा कि इस कनेक्टिविटी के माध्यम से मुंबईकरों को अटल सेतु के जरिए मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे तक बिना किसी सिग्नल के निर्बाध यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे छात्रों से लेकर नौकरीपेशा वर्ग तक, मुंबई और पुणे के बीच दैनिक यात्रा अधिक तेज़ और सुगम हो जाएगी। मुंबई या पुणे में रहते हुए काम या शिक्षा के लिए यात्रा करना और आसान होगा। ‘मुंबई 3.0’ के निर्माण के साथ ‘मुंबई इन मिनट्स’ के तहत कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने के साथ इन प्रोजेक्ट्स के माध्यम से घंटों की यात्रा को मिनटों में बदलने का मुख्य उद्देश्य है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com