Maharashtra: मंत्री पंकजा मुंडे के PA अनंत गर्जे ने दायर की जमानत याचिका, आरोपों को बताया अस्पष्ट

Anant Garje News: पत्नी की आत्महत्या के आरोप में गिरफ्तार अनंत गर्जे ने अदालत में जमानत याचिका दायर कर कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप अस्पष्ट हैं और FIR में उकसावे का कोई ठोस उल्लेख नहीं है।
Pankaja Munde PA Anant Garje
अनंत गर्जे और गौरी पाल्वे (सौ. डिजाइन फोटो )
Published on: 
Updated on: 

Mumbai News In Hindi: महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे के निजी सहायक अनंत गर्जे ने सोमवार को अदालत में जमानत याचिका दायर की।

याचिका में उन्होंने दावा किया है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप अस्पष्ट और निराधार हैं तथा यह मामला एक दुखद घटना के बाद भावनात्मक दबाव में दर्ज किया गया है।

अनंत गर्जे को अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनकी पत्नी, केईएम अस्पताल में कार्यरत दंत चिकित्सक डॉ. गौरी पाल्वे (28) ने कथित तौर पर 22 नवंबर 2025 को मध्य मुंबई के वर्ली स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

फरवरी में हुआ था विवाह

जानकारी के अनुसार, गौरी पाल्वे और अनंत गर्जे का विवाह पिछले वर्ष फरवरी 2025 में हुआ था। घटना के बाद मृतका के पिता की शिकायत पर वर्ली पुलिस ने अनंत गर्जे और उनके दो परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था।

‘FIR में कोई ठोस आरोप नहीं’

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रूपाली पवार के समक्ष अधिवक्ता मंगेश देशमुख के माध्यम से दायर जमानत याचिका में कहा गया है कि प्राथमिकी में गर्जे द्वारा उकसावे या क्रूरता से जुड़ा कोई प्रत्यक्ष, विशिष्ट या तात्कालिक कृत्य नहीं दर्शाया गया है।

याचिका में यह भी तर्क दिया गया है कि मामले को भावनात्मक दृष्टिकोण से देखा गया है और जांच के दौरान किसी ठोस साक्ष्य का उल्लेख नहीं किया गया है, जो आरोपी को आत्महत्या के लिए उकसाने से सीधे जोड़ता हो। फिलहाल अदालत ने याचिका पर सुनवाई की तारीख तय कर दी है और मामले की आगे की सुनवाई जारी है।