6 महीने बाद घर लौटी नन्ही परी...मुंबई पुलिस ने लौटाई घर की खुशी, हर तरफ हो रही वाहवाही

Anand Mahindra News: महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने X पर मुंबई पुलिस की तारीफ की। जिन्होंने मई से लापता एक बच्ची को उसके माता-पिता से मिलाने में उनके पक्के इरादे और हिम्मत की तारीफ की।
Mumbai Police News
आनंद महिंद्रा ने मुंबई पुलिस की सराहना की, बच्ची को मिलवाने पर दिया सम्मान
Published on
Updated on

Mumbai Police: महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन और देश के प्रमुख बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने मुंबई पुलिस की कड़ी मेहनत और समर्पण की जमकर तारीफ की है। दरअसल, मुंबई पुलिस ने 6 महीने से लापता एक 4 साल की बच्ची आरोही को उसके परिवार से मिलवाया है। यह बच्ची मई में मुंबई से गायब हो गई थी, और पुलिस ने उसे कई महीनों की कड़ी मेहनत के बाद ढूंढ निकाला। आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया पर मुंबई पुलिस के इस प्रयास को दुनिया की बेहतरीन पुलिस फोर्स में से एक बताया।

आनंद महिंद्रा ने X (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट को रीट्वीट किया, जिसमें आरोही की कहानी बताई गई थी। यह पोस्ट X यूजर मोहिनी माहेश्वरी ने शेयर की थी। इस पोस्ट में बताया गया कि कैसे मुंबई पुलिस ने हार नहीं मानी और बच्ची को ढूंढ निकाला। 14 नवंबर, बाल दिवस के मौके पर बच्ची को उसके परिवार से मिलवाया गया। मोहिनी माहेश्वरी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि आरोही के लापता होने के बाद मुंबई पुलिस ने केस को बंद नहीं किया और लगातार प्रयास करती रही।

मुंबई पुलिस ने कैसे की बच्ची की खोज?

मोहिनी ने बताया कि कुछ पुलिसकर्मी तो बच्ची की फोटो अपनी शर्ट की जेब में रखते थे, जैसे वह उनकी अपनी बेटी हो। पुलिस ने पूरे शहर में पोस्टर बांटे और हर सुराग की जांच की। जब बच्ची को वापस मुंबई लाया गया, तो मुंबई क्राइम ब्रांच ने एयरपोर्ट पर उसका स्वागत गुब्बारों और एक नई नीली फ्रॉक से किया।

आनंद महिंद्रा ने तारीफ में क्या कहा?

जब बच्ची ने पुलिस वालों को देखा, तो वह उनसे डरने के बजाय उनकी ओर दौड़ी और सबसे पास खड़े पुलिस वाले को गले लगा लिया। आनंद महिंद्रा ने इस भावुक पल पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "मुंबई पुलिस, आपने हमें उम्मीद और खुशी का तोहफा दिया है। सिर्फ इसी वजह से आप दुनिया की बेहतरीन पुलिस फोर्स में से एक हैं।"

लोगों का मुंबई पुलिस पर प्यार

इस दिल छूने वाली कहानी पर सोशल मीडिया यूजर्स ने मुंबई पुलिस की कड़ी मेहनत और समर्पण की जमकर सराहना की। लोगों ने पुलिस के जज्बे की तारीफ की और बच्ची को सुरक्षित वापस लाने के लिए उनकी मेहनत को सलाम किया। कई यूजर्स ने कमेंट्स में मुंबई पुलिस को धन्यवाद दिया और उनके अदम्य संघर्ष की सराहना की। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि मुंबई पुलिस सिर्फ कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि समाज के सबसे कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए भी अपना सर्वस्व अर्पित करती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com