बीएमसी में सीएसआर डैशबोर्ड बनाने की मांग, अमित साटम ने मेयर और आयुक्त को लिखा पत्र

Mumbai BJP President Ameet Satam ने बीएमसी में एक विशेष CSR डैशबोर्ड शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे सामाजिक संस्थाएं और नागरिक शहर के विकास कार्यों में सीधे योगदान दे सकेंगे।
Ameet Bhaskar Satam
अमित साटम (Credit: X/@AmeetSatam )
Updated on

BMC CSR Online Platform Proposal: मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में एक विशेष सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) डैशबोर्ड शुरू करने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने मुंबई की महापौर रितु तावड़े और बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी को पत्र लिखकर एक ऑनलाइन मंच बनाने का प्रस्ताव दिया है।

अमित साटम का कहना है कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से समाजसेवी संस्थाएं, कॉरपोरेट कंपनियां और आम नागरिक शहर के विकास कार्यों में सीधे योगदान दे सकेंगे। इससे सामाजिक जिम्मेदारी के तहत किए जाने वाले कार्यों को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

बीएमसी की जरूरतों को मिलेगा सहयोग

उन्होंने बताया कि बीएमसी के सेंट्रल परचेज डिपार्टमेंट (सीपीडी) की ओर से समय-समय पर कई जरूरी वस्तुओं की मांग सामने आती रहती है। इनमें स्कूलों के लिए शैक्षणिक सामग्री, अस्पतालों के लिए आवश्यक उपकरण और सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

पारदर्शिता और सहयोग बढ़ेगा

साटम का मानना है कि यदि इन जरूरतों की जानकारी एक ऑनलाइन डैशबोर्ड पर उपलब्ध कराई जाए तो समाजसेवी संगठन और कॉरपोरेट संस्थाएं आसानी से इन परियोजनाओं में सहयोग कर सकेंगी। इससे शहर के विकास कार्यों में तेजी आएगी और नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ेगी।

प्रशासन से सकारात्मक पहल की उम्मीद

उन्होंने बीएमसी प्रशासन से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने की अपील की है। उनका कहना है कि इस तरह की पहल से मुंबई में सार्वजनिक सुविधाओं के विकास में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ेगी और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरी सुविधाएं तेजी से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com