गुढी पाडवा पर शिवाजी पार्क में राज ठाकरे की सभा, मनसे का आक्रामक टीजर वायरल

MNS Shivaji Park Political Meeting: मनसे के गुढी पाडवा सम्मेलन से पहले जारी किए गए आक्रामक टीजर ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। पार्टी प्रमुख राज ठाकरे विशाल सभा को संबोधित करेंगे।
Raj Thackeray
राज ठाकरे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Raj Thackeray Gudi Padwa Rally: मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के पारंपरिक गुढी पाडवा सम्मेलन को लेकर इस बार खासा उत्साह और राजनीतिक चर्चा देखने को मिल रही है।

पार्टी प्रमुख राज ठाकरे 19 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक शिवतीर्थ यानी शिवाजी पार्क में आयोजित होने वाली इस विशाल सभा को संबोधित करेंगे। हर साल आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम मनसे के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है।

सोशल मीडिया पर जारी हुआ आक्रामक टीजर

सभा से पहले मनसे ने सोशल मीडिया पर एक आक्रामक टीजर जारी किया है, जिसने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। इस टीजर में सीधे तौर पर जनता से कुछ सवाल पूछे गए हैं। वीडियो में मराठी भाषा में पूछा गया है कि महाराष्ट्र में जो कुछ हो रहा है, क्या वह सही लग रहा है? क्या राज्य की मौजूदा स्थिति देखकर लोग व्याकुल हैं?

जनता की नब्ज पकड़ने की कोशिश

इन सवालों के जरिए मनसे ने राज्य की जनता की भावना को सामने लाने की कोशिश की है। पार्टी ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि राज्य की मौजूदा परिस्थितियों को लेकर लोगों में जो बेचैनी है, उसमें वे भी शामिल हैं। टीजर के जरिए समर्थकों को सम्मेलन में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

‘शिवतीर्थावर भेटूया’ का दिया नारा

वीडियो के अंत में ‘शिवतीर्थावर भेटूया, उज्ज्वल महाराष्ट्र घडवूया’ यानी शिवतीर्थ पर मिलेंगे और उज्ज्वल महाराष्ट्र का निर्माण करेंगे, यह नारा दिया गया है। इस संदेश के जरिए पार्टी ने अपने समर्थकों में उत्साह और जोश भरने की कोशिश की है।

पहले ही दे चुके थे संकेत

राज ठाकरे ने हाल ही में रायगढ़ में आयोजित पार्टी के 20वें वर्षांत समारोह के दौरान संकेत दिया था कि वे कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात गुढी पाडवा के मंच से रखेंगे। ऐसे में अब सभी की नजर 19 मार्च को होने वाले इस सम्मेलन पर टिकी हुई है, जहां उनके संबोधन से महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com