आंबेडकर अनुयायियों के लिए चलेंगी 15 अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें, सेंट्रल रेलवे ने किया बड़ा ऐलान

Unreserved Special Trains: डॉ. आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस पर सेंट्रल रेलवे 4-8 दिसंबर के बीच नागपुर, कलबुर्गी, अमरावती और कोल्हापुर आदि मार्गों पर 15 अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाएगा।
Special Train
ट्रेन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ambedkar Mahaparinirvan Divas Special Trains: डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के उपलक्ष्य में मुंबई में लाखों अनुयायियों की अपेक्षित भीड़ को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने बड़े इंतजाम किए हैं। भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए, 4 से 8 दिसंबर के बीच 15 विशेष अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिनमें नागपुर-मुंबई मार्ग पर सबसे अधिक सेवाएं होंगी।

इन ट्रेनों का संचालन मुख्य रूप से नागपुर-सीएसएमटी, दादर-नागपुर, कलबुर्गी-सीएसएमटी, अमरावती-सीएसएमटी और कोल्हापुर-सीएसएमटी मार्गों पर किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक सेवाएं नागपुर-मुंबई सेक्शन पर रहेंगी।

नागपुर से मुंबई सीएसएमटी के लिए चलने वाली विशेष ट्रेनों की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं:

• 4 दिसंबर को ट्रेन संख्या 01260 और 01262 नागपुर से सीएसएमटी के लिए चलेंगी।

• 5 दिसंबर को ट्रेन संख्या 01264 और 01266 संचालित की जाएंगी।

वापसी यात्रा के लिए भी विशेष सेवाएं उपलब्ध होंगी। 6 दिसंबर से 8 दिसंबर के बीच सीएसएमटी से नागपुर के लिए चार विशेष सेवाएं निर्धारित हैं। ये सभी ट्रेनें अजनी, वर्धा, अकोला, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और दादर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेंगी।

अन्य महत्वपूर्ण मार्ग और सेवाएं

कर्नाटक से आने वाले रेल यात्रियों के लिए, कलबुर्गी-सीएसएमटी के बीच 5 और 7 दिसंबर को दो विशेष ट्रेनें चलेंगी। इसके अलावा, अमरावती-मुंबई तथा कोल्हापुर-मुंबई मार्गों पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए 5 और 6 दिसंबर को विशेष सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

यूटीएस ऐप से ले सकते है टिकट

सेंट्रल रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ये सभी गाड़ियां पूरी तरह अनारक्षित (Unreserved) होंगी। इन विशेष ट्रेनों की बुकिंग सामान्य किराए पर यूटीएस ऐप (UTS App) और रेलवे काउंटर के माध्यम से की जा सकती है।

यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए, रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। सेंट्रल रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कर्मचारी और सुरक्षा बल तैनात कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com