ठाकरे गुट के 6 बागी सांसद शिंदेसेना में शामिल, प्रेस कॉन्फ्रेंस में एकनाथ शिंदे के साथ आए

Eknath Shinde Press Conference: उद्धव ठाकरे गुट के 6 बागी सांसद आधिकारिक तौर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिंदे के साथ दिखे सांसद।
6 thackeray group mps join shindesena eknath shinde press conference
ठाकरे गुट के 6 बागी सांसद शिंदेसेना में शामिल (सोर्स: नवभारत)
Published on
Updated on

6 Thackeray Group MPs Join Shindesena: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घोषणा की कि शिवसेना का विस्तार अब और भी अधिक मजबूती के साथ होगा। इस अवसर पर ठाकरे गुट के 6 प्रमुख सांसद आधिकारिक तौर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ मंच पर नजर आए, जिससे राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

शिंदे सेना में शामिल होने वाले सांसदों में संजय बंडू जाधव (परभणी), संजय उत्तमराव देशमुख (यवतमाल-वाशिम), नागेश बापूराव पाटिल आष्टीकर (हिंगोली), भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे (शिर्डी), संजय दीना पाटिल (उत्तर-पूर्व मुंबई) और ओमराजे निंबालकर (धाराशिव) शामिल हैं। इन सभी नेताओं ने उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व और उनकी कार्यशैली पर अपना भरोसा जताया है।

अब हमारे पास हैं 4 संजय – शिंदे का तंज

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उपमुख्यमंत्री शिंदे ने बेहद मजाकिया लेकिन तीखे अंदाज में ठाकरे गुट पर निशाना साधा। उन्होंने चेहरे पर हल्की मुस्कान के साथ कहा, अब हमारे पास 4 संजय हैं। उनका यह बयान स्पष्ट रूप से ठाकरे गुट के फायरब्रांड नेता संजय राउत की ओर इशारा था। शिंदे ने जोर देकर कहा कि जो कोई भी बालासाहेब ठाकरे के विचारों और उनकी बताई राह पर चलना चाहता है, वह स्वाभाविक रूप से शिंदे सेना से ही जुड़ेगा।

ऑपरेशन टाइगर और भविष्य की रणनीति

उपमुख्यमंत्री ने इस पूरे घटनाक्रम को ऑपरेशन टाइगर की सफलता करार दिया। उन्होंने गर्व से कहा कि इस बार शिवसेना ने 'छक्का' लगाते हुए एक साथ 6 सांसदों को शामिल किया है। उन्होंने बागी सांसदों का स्वागत करते हुए कहा कि यहाँ हम सब एक परिवार की तरह काम करेंगे और उनके यहाँ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होता है। शिंदे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब लक्ष्य शिवसेना का और अधिक विस्तार करना है।

ठाकरे गुट पर लगाए गंभीर आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ठाकरे गुट में उन लोगों को सही सम्मान और बर्ताव नहीं मिलता जो बालासाहेब के विचारों को आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने नए सांसदों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने क्षेत्रों में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। अंत में, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को महाराष्ट्र के विकास का श्रेय दिया और कहा कि राज्य की 'डबल इंजन' सरकार पूरी गति से काम करती रहेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com