मुंबई में 24 घंटे के भीतर 6 नाबालिग लापता, पुलिस अलर्ट मोड पर, जांच अभियान शुरु

Mumbai News: मुंबई से बीते 24 घंटों में 6 नाबालिग (3 लड़कियां और 3 लड़के) रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। विभिन्न थानों में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई से 6 नाबालिग लापता (pic credit; social media)
मुंबई से 6 नाबालिग लापता (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra News: महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित माने जाने वाले मुंबई शहर से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। बीते 24 घंटों में 12 से 17 वर्ष की आयु के छह नाबालिग (तीन लड़कियां और तीन लड़के) लापता हो गए हैं। इस घटनाक्रम ने पुलिस और अभिभावकों दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

शिवाजी नगर, मायड, कुरार और घाटकोपर पुलिस थानों में परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायतें दर्ज कराई हैं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब तक किसी भी परिवार को फिरौती की मांग वाला फोन नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी संभावनाओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। कुछ मामलों में प्रेम प्रसंग की आशंका भी जताई गई है।

लापता बच्चों की तलाश के लिए पुलिस ने तस्वीरों को शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशनों, बस डिपो, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर विशेष खोज अभियान शुरू किया है।

मिसिंग स्क्वाड की सक्रियता

गौरतलब है कि पूर्व पुलिस आयुक्त राकेश मारिया के कार्यकाल में नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी पर कड़ी कार्रवाई की परंपरा शुरू की गई थी। मुंबई के सभी पुलिस थानों में इसके लिए विशेष मिसिंग स्क्वाड गठित हैं। कानून के अनुसार यदि कोई नाबालिग लड़की अपनी मर्जी से भी किसी के साथ जाती है, तो भी संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) (अपहरण) में मामला दर्ज किया जाता है। मामलों का विवरण

  • शिवाजी नगर: 17 वर्षीय लड़की बहन को खाना देने अस्पताल गई थी, लेकिन लौटकर नहीं आई।
  • शिवाजी नगर: 14 वर्षीय लड़का घर से बाथरूम जाने निकला और गायब हो गया।
  • जुहू: 17 वर्षीय लड़की छोटे भाई को घर में बंद कर कहीं चली गई।
  • मालाड: 13 वर्षीय लड़का बिना बताए घर से बाहर निकला और वापस नहीं आया।
  • घाटकोपर: 16 वर्षीय लड़की सार्वजनिक शौचालय में नहाने गई और नहीं लौटी।
  • कुरार (मालाड): 12 वर्षीय लड़का रात में गणेशोत्सव देखने गया था, लेकिन घर वापस नहीं आया।

पुलिस का कहना है कि ये मामले अत्यंत संवेदनशील हैं और इन्हें पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ जांचा जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com