Mumbai Rain Alert: मुंबई में 1 जुलाई से होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट; जानें अगले 5 दिनों का हाल

Mumbai Weather Update: मुंबई में बुधवार से गायब हुई बारिश एक बार फिर से दस्तक देने को तैयार है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनाें के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। जुलाई की शुरुआत में भारी बारिश की चेतावनी दी।
mumbai rain alert imd for heavy rains in the next five days
मुंबई में बारिश का अलर्ट (सोर्स: AI)
Updated on

Mumbai Rain Alert Monsoon Forecast: मुंबई में मंगलवार रात भर जोरदार बारिश के बाद बुधवार और गुरुवार को मौसम साफ रहा। मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र खत्म हो गया, जिससे बारिश की तीव्रता कम हो गई। इससे गर्मी और उमस फिर से बढ़ गई है। हालांकि यह ज्यादा दिन नहीं रहेगी। मौसम विभाग ने जल्द ही भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई से 5 जुलाई के बीच मुंबई में फिर से भारी बारिश होगी।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा मुंबई का मौसम

मौसम विभाग ने 27 और 28 जून को मुंबई के कुछ हिस्साें में बिजली की कड़कड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश के चेतावनी जारी की है। वहीं 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफ़ान की संभावना है। साथ ही 29 व 30 जून को हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें होगी।

कोंकण के तटीय इलाके में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग (IMD) की ताजा चेतावनी के अनुसार, महाराष्ट्र के कोंकण तटीय क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिनों तक मूसलाधार बारिश का अनुमान है। इसके मुताबिक, ठाणे में 27 और 28 जून को, जबकि पालघर में 28 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही, रायगड और रत्नागिरी जिलों में मौसम अधिक खराब रहने की आशंका है, जहां 27, 28 और 29 जून को लगातार तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने इन सभी प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

1 जुलाई से भारी बारिश की संभावना

मौसम के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले सप्ताह से मॉनसून का बहाव ज्यादा सक्रिय होगा और पश्चिमी तट पर गतिविधियां तेज हो जाएंगी। 1 जुलाई से हालात पूरी तरह बदलने की उम्मीद है, जिससे बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। 1 से 5 जुलाई के दौरान मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में 350-450 मिमी बारिश होने की संभावना है। मॉनसून के बहुत सक्रिय रहने के कारण शहर में रोजाना औसतन 100 मिमी बारिश हो सकती है। बारिश की तीव्रता खास तौर पर 4 और 5 जुलाई को अपने चरम पर रहने का अनुमान है।

मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले बांधों में जल स्तर घटा

मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले बांधों के कैचमेंट एरिया में भी भारी बारिश का इंतजार है। मॉनसून में देरी और बारिश न होने के कारण मुंबई के लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।

मुंबई के प्रमुख जलाशयों की वर्तमान स्थिति

  • वैतरणा - 0 प्रतिशत
  • मोदक सागर - 20.46 प्रतिशत
  • तन्सा - 1.85 प्रतिशत
  • मध्य वैतरणा - 10.98 प्रतिशत
  • भातसा - 7.1 प्रतिशत
  • विहार - 45.13 प्रतिशत
  • तुलसी झील - 22.2 प्रतिशत
Navbharat Live
navbharatlive.com