नागपुर में झमाझम बारिश से सड़कें बनीं नदियां, विदर्भ में IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, जानें अगले 3 दिन का मौसम

Nagpur Rain Update: नागपुर में मंगलवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने विदर्भ के कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
Nagpur heavy rainfall imd alert
नागपुर में बारिश का दृश्य (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Nagpur Weather Update: नागपुर में मंगलवार सुबह 11 बजे के से झमाझम बारिश शुरू हो गई है। कई इलाकों से जलभराव की तस्वीरें भी सामने आ रही है। आज सुबह से नागपुर शहर के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण यातायात की गति धीमी पड़ गई है और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उमस और भीषण गर्मी से मिली बड़ी राहत

पिछले कुछ दिनों से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण बारिश लगभग थम गई थी। लेकिन मंगलवार को हुई बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई। पिछले कुछ दिनों से नागपुर समेत पूरे विदर्भ में बादलों की आवाजाही तो बनी हुई थी, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। दिन के समय तेज धूप और हवा में नमी के कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। खासकर दोपहर के समय घरों और बाजारों में गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है।

हालांकि, अब मौसम विभाग ने शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर दी है। ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से शहर में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी और अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), क्षेत्रीय मौसम केंद्र नागपुर द्वारा जारी तत्काल मौसम चेतावनी के अनुसार, मानसून की वापसी के साथ ही अगले कुछ दिन विदर्भ के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को नागपुर और आसपास के इलाकों में तेज आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने विदर्भ के नागपुर, गोंदिया और भंडारा जिले में बिजली कड़कने और गर्जना के साथ तेज आंधी-तूफान तथा कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। वहीं गड़चिरोली, चंद्रपुर, वर्धा और यवतमाल में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश और आंधी के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com