Maharashtra Weather: आज मुंबई-ठाणे में रेड अलर्ट, घर से निकलने से पहले जानें आपके शहर में मौसम का मिजाज

Maharashtra Weather Update: मौसम विभाग ने आज मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विदर्भ और कोंकण में भी मानसून आक्रामक है। घर से निकलने से पहले जानें अपने शहर का हाल।
maharashtra weather today mumbai thane rain red alert
महाराष्ट्र के मौसम की सांकेतिक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Maharashtra Weather Today: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने का महा-पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं। वर्तमान में दक्षिण गुजरात से कर्नाटक तक बनी ऑफ-शोर ट्रफ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य में बारिश का जोर बढ़ गया है।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और पूरे मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगड़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और छिटपुट स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। मुंबई में तापमान 27°C के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार बारिश और हाई टाइड के कारण निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या आ सकती है।

कोंकण और मध्य महाराष्ट्र: मूसलाधार की चेतावनी

कोंकण के अन्य जिलों जैसे रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मध्य महाराष्ट्र के पुणे, नासिक, कोल्हापुर और सतारा के घाट क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

  • नासिक: यहां शनिवार को 100% बारिश और गडगडाटी वादळ (गरज के साथ बारिश) का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान 25°C रह सकता है।
  • पुणे: शहर में मध्यम बारिश की संभावना है और तापमान 24°C के आसपास रहेगा।
  • नंदुरबार और धुले: इन जिलों में भी बारिश का जोर रहेगा और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
  • विदर्भ: ऑरेंज और येलो अलर्ट

विदर्भ क्षेत्र में मानसून बेहद आक्रामक

विदर्भ क्षेत्र में मानसून बेहद आक्रामक है। नागपुर, गोंदिया, चंद्रपुर और भंडारा सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

  • नागपुर: यहां गरज-चमक के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। पिछले 36 घंटों में नागपुर में 70.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
  • गोंदिया: इस जिले में विदर्भ की सबसे अधिक बारिश (103.8 मिमी) दर्ज की गई है और यहां भी शनिवार को भारी बारिश का अनुमान है।
  • अकोला, अमरावती और वर्धा: इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मराठवाड़ा: छिटपुट स्थानों पर बारिश

मराठवाड़ा के जिलों जैसे छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली और नांदेड में गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट दिया गया है। हालांकि, यहां कोंकण की तुलना में बारिश का जोर थोड़ा कम रह सकता है, लेकिन बिजली कड़कने की घटनाएं होने की संभावना है।

प्रशासन की चेतावनी और सावधानी

मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों से बचें, जर्जर इमारतों और पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों में न रहें। भारी बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com