

Maharashtra weather Update: महाराष्ट्र के मौसम में एक बार फिर बड़ा और नाटकीय बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसारआज राज्य के अलग-अलग हिस्सों में दो विपरीत प्रकार के मौसम का अनुभव होने वाला है। जहां एक तरफ कुछ जिलों में सूरज की तपिश और लू (Heatwave) का प्रकोप बढ़ेगा, वहीं दूसरी तरफ कुछ जिलों में आंधी तूफान के साथ प्रीमानसून बारिश की प्रबल संभावना बन गई है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य के कुल 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और अगले 24 घंटों को बेहद महत्वपूर्ण बताया है।
पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ प्री-मानसून का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने कोल्हापुर, सातारा, सांगली, सोलापूर, लातूर और धाराशिव सहित 6 जिलों के लिए बारिश का 'यलो अलर्ट' जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने और बिजली कड़कने की आशंका है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दूसरी तरफ, विदर्भ और कोंकण के कुछ हिस्सों में गर्मी का सितम जारी रहेगा। आईएमडी ने ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, अकोला और अमरावती के लिए उष्णता (गर्मी) का 'यलो अलर्ट' घोषित किया है। विदर्भ के अकोला और अमरावती में लू की तीव्रता सबसे अधिक होगी, जहां पारा 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। प्रशासन ने नागरिकों को दोपहर के समय बिना किसी जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
मुंबई, ठाणे और रायगड जिलों में शनिवार को दिनभर तेज धूप के साथ उमस (Humidity) का सामना करना पड़ेगा। मुंबई और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 अंश सेल्सिअस के बीच रहेगा। तटीय इलाकों में हवा में आर्द्रता बढ़ने के कारण लोगों को भारी उकाड़ा (बेचैनी वाली गर्मी) महसूस होगी। हालांकि, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में दोपहर या शाम के समय कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अहिल्यानगर, पुणे, परभणी, हिंगोली और नांदेड जिलों के लिए कोई आधिकारिक अलर्ट तो नहीं है, लेकिन यहां भी आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अगले दो दिनों तक मौसम के इस उतार-चढ़ाव को देखते हुए सतर्क रहें और अपडेट्स पर नजर रखें।