
Maharashtra Top 10 News 5 September: महाराष्ट्र में जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, दही हांडी उत्सव के दौरान गोविंदा पथकों की गूंज, ढोल-ताशों की थाप और 'गोविंदा आला रे' के जयकारों ने पूरे माहौल को भक्तिमय और रोमांचक बना दिया। वहीं दूसरी ओर बुनियादी ढांचे के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर भी राज्य में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। आइए जानते हैं आज की महाराष्ट्र की 10 बड़ी खबरें।
माखनचोरी और मटकी फोड़ की परंपरा के साथ ही मुंबई और इसके आसपास के इलाकों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार पूरे धूमधाम और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के कोने-कोने में गोविंदा पथकों की गूंज, ढोल-ताशों की थाप और 'गोविंदा आला रे' के जयकारों ने पूरे माहौल को भक्तिमय और रोमांचक बना दिया। इस बार दही हांडी उत्सव के दौरान मुंबई और उसके नजदीकी उपनगरों में कुल 22 गोविंदा घायल हुए हैं।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुंबई-पुणे के बीच हाईस्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की है। प्रस्तावित बुलेट ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर करीब 48 मिनट रह जाने की उम्मीद है। इससे नौकरी, कारोबार, शिक्षा और अन्य कारणों से दोनों शहरों के बीच नियमित यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
नासिक में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे आदिवासी छात्रों ने जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद से बातचीत के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। हालांकि, छात्रों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगें पूरी होने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। ईदगाह मैदान में 100 से अधिक छात्र आंदोलन कर रहे थे।
नासिक के गोदावरी नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध रामकुंड में स्नान करने के दौरान मुंबई से आए 4 किशोर गहरे पानी में डूबे। लोगों की तत्परता और गोताखोरों की मदद से तीन बच्चों को तो सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक 14 वर्षीय मासूम को नहीं बचाया जा सका। पानी में डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
नासिक जिले की विसापुर आश्रमशाला में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली 8 वर्षीय छात्रा सृष्टि सूर्यवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सेंट्रल किचन से उपलब्ध कराया गया बासी भोजन खाने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ी और फूड पॉइज़निंग के कारण उसकी मौत हुई। मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
नागपुर के मानकापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिंगाबाई टाकली स्थित साईंनगर की 'गोविंद सिटी' सोसाइटी में पारिवारिक कलह के बाद एक 38 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद पति द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई के कारण महिला को गंभीर आंतरिक चोटें आई थीं। मृतका की पहचान यामिनी कृष्णलाल यादव (38) के रूप में हुई है।
नागपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और अनोखी लोक परंपरा का प्रतीक मानी जाने वाली 'पीली मारबत' उत्सव मंडप में प्रसिद्ध मराठी अभिनेता, निर्देशक व लेखक प्रवीण तरडे और अभिनेत्री स्नेहल तरडे ने सपरिवार दर्शन किए। टांडापेठ स्थित मारबत मंडप पहुंचे तरडे दंपत्ति ने पीली मारबत की पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
गुरु केवल अक्षरों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि संस्कारों की ऐसी पूंजी भी देते हैं, जो जीवनभर साथ रहती है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के व्यक्तित्व निर्माण में भी उनके स्कूली जीवन के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। शिक्षक दिवस के अवसर पर उनकी शिक्षिका सावित्री सुब्रमण्यम ने नवभारत से बातचीत में छात्र जीवन के फडणवीस से जुड़े कई संस्मरण साझा किए।
घरेलू विवाद को लेकर छत्रपति संभाजीनगर शहर पुलिस दल में कार्यरत महिला हेड कांस्टेबल के घर में घुसकर पति, सास, ननद और नंदोई ने कथित रूप से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के भतीजे के सिर पर भी डंडे से वार कर उसे घायल कर दिया गया। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। यह घटना बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे शिवाजी नगर क्षेत्र में हुई।
नागपुर के ऐतिहासिक बड़कस चौक इलाके में आयोजित दही हांडी उत्सव के दौरान विवाद और हंगामे की खबर सामने आई है। उत्सव के बीच अचानक शुरू हुई कहासुनी के बाद कुछ लोगों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हो गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यक्रम स्थल पर लोगों के बीच हाथापाई और अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है।